चंदवा की शराब दुकान में निर्धारित दर से अधिक वसूली का आरोप

चंदवा/लातेहार : चंदवा के शिवा टोली स्थित अंग्रेजी शराब दुकान में निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूलने का आरोप सामने आया है। ग्राहकों का आरोप है कि दुकान में रेट चार्ट पर अंकित मूल्य से अधिक राशि ली जा रही है। विरोध करने पर कथित तौर पर ग्राहकों से कहा जाता है कि अधिक पैसा देना ही पड़ेगा, लेना है तो लीजिए, नहीं तो जा सकते हैं।ग्राहकों के अनुसार, बियर पर 10 से 20 रुपये, क्वार्टर वाइन पर 20 रुपये तथा फुल बोतल वाइन पर 30 से 40 रुपये तक अतिरिक्त राशि वसूली जा रही है। ग्राहकों का कहना है कि निर्धारित मूल्य से अधिक पैसे लिए जाने का विरोध करने पर भी उनकी बात नहीं सुनी जाती है।

एक ही काउंटर होने से ग्राहकों की परेशानी

ग्राहकों का कहना है कि चंदवा शहर में शराब बिक्री के लिए एक ही काउंटर होने के कारण उनके पास सीमित विकल्प हैं। ऐसे में उन्हें मजबूरी में कथित तौर पर अधिक कीमत चुकानी पड़ रही है। इस स्थिति को लेकर ग्राहकों में नाराजगी है। आगामी नवरात्रि पर्व के मद्देनजर भी ग्राहकों ने संबंधित विभाग से मामले को गंभीरता से लेने की मांग की है।

आखिर किसके निर्देश पर ली जा रही अधिक राशि?

दुकान मनोज कुमार गुप्ता के नाम से है  इस मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूली जा रही है, तो ऐसा किसके निर्देश पर किया जा रहा है? क्या संबंधित विभाग को इसकी जानकारी है? ग्राहकों ने जिला प्रशासन और जिला उत्पाद अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली की पुष्टि होने पर संबंधित अनुज्ञप्तिधारी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।

अब उत्पाद विभाग की कार्रवाई पर नजर

ग्राहकों की शिकायत के बाद अब जिला उत्पाद विभाग की भूमिका महत्वपूर्ण हो गई है। जरूरत है कि संबंधित दुकान के रेट चार्ट, बोतलों पर अंकित अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) और ग्राहकों से ली जा रही राशि की जांच की जाए, ताकि वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।

रिपोर्टर : बब्लू खान 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.