नम आंखों से मां दुर्गा को दी गई विदाई, जयकारों के बीच निकला विसर्जन जुलूस
बालूमाथ : प्रखंड मुख्यालय में मंगलवार को सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति की ओर से मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन किया गया। लोगों ने नाम आंखों से मां दुर्गा को विदाई दी। गाजे-बाजे और जयकारों के बीच निकले विसर्जन जुलूस में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। भक्तों ने नम आंखों से मां दुर्गा को विदाई दी और अगले वर्ष फिर आने की कामना की। विसर्जन जुलूस दुर्गाबाड़ी से निकलकर थाना चौक, बाजार टांड़, मस्जिद होते हुए परम्परा के अनुसार चेताग स्थित राजा के आवास पहुंचा। जहां विसर्जन जुलूस का स्वागत किया गया।जहां वैदिक मंत्र उच्चारण के बीच पूजा अर्चना की गई। इस दौरान राजा के वंशज रंजीत लाल नाथ शाहदेव के आवास पर श्रद्धालुओं के बीच खीर का वितरण किया गया। यहां से जुलूस मुरपा मोड़ होते हुए छठ तालाब पहुंचा, जहां विधि-विधान के साथ प्रतिमा का विसर्जन किया गया। इस अवसर पर पूजा समिति की ओर से अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी उमेश कुमार सिंह, थाना प्रभारी अनुभव सिन्हा, एसआई गौतम कुमार, देवेंद्र सिंह और धीरज सिंह को चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। वहीं, शेरेगड़ा, मुरपा, भैंसादोन, झाबर और आरा समेत प्रखंड के विभिन्न गांवों में भी मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। शेरेगड़ा में कलाकार माही मनीषा के कार्यक्रम का आयोजन भी हुआ। जिसका लोगों ने लुफ्त उठाया। मौके पर पूजा समिति के अध्यक्ष रवि सिंह,अखिलेश भोक्ता, शैलेश सिंह, प्रयाग साव, बबलू चौरसिया, लालदेव गंझू, कृष्णा यादव, सोनू कुमार समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
रिपोर्टर : मो० अरबाज

No Previous Comments found.