खरीफ फसल प्रदर्शनी में किसानों ने देखी धान की बेहतर पैदावार पारंपरिक खेती से होगा उन्नत पैदावार

लातेहार : कृषि रत्न की ओर से पॉलिटेक्निक रोड स्थित कृष्णा रत्न परिसर में खरीफ फसल प्रदर्शनी सह बीज विक्रेता सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें जेनेक्स एग्रो प्राइवेट लिमिटेड के विभिन्न किस्मों के धान की प्रदर्शनी लगाई गई। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम, कंपनी के रीजनल मैनेजर कृष्णा कुशवाहा सहित कई लोग शामिल हुए।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम ने कहा कि मल्टीनेशनल कंपनियों के चक्कर में पड़कर किसान अपने खेतों की उर्वरता को नुकसान पहुंचा रहे हैं। रासायनिक खाद और उर्वरकों के अत्यधिक इस्तेमाल से शुरुआती वर्षों में उत्पादन अच्छा होता है, लेकिन बाद में मिट्टी की गुणवत्ता प्रभावित होती है। उन्होंने किसानों से पारंपरिक खेती अपनाने की अपील की। कहा कि प्राकृतिक और परंपरागत खेती से मिट्टी की उर्वरता बनी रहेगी तथा लोग कई तरह की बीमारियों से भी बच सकेंगे।वहीं, बीज विक्रेता निर्दोष गुप्ता ने कहा कि किसानों को कम कीमत पर बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इससे कम लागत में बेहतर उत्पादन प्राप्त करने में मदद मिल रही है। प्रदर्शनी में धान की फसल देखकर कई किसानों ने आश्चर्य जताया और उत्पादन की जानकारी ली।जेनेक्स कंपनी के रीजनल मैनेजर कृष्णा कुशवाहा ने कहा कि जेनेक्स भारत की निजी कंपनी है, जो किसानों को सशक्त बनाने की दिशा में काम कर रही है। कंपनी का उद्देश्य कम कीमत पर बेहतर गुणवत्ता वाले धान के बीज किसानों तक पहुंचाना है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर किसान भी आसानी से खेती कर सकें। कार्यक्रम में मोहर सिंह, राजू सिंह, श्रेयश राज,रामनंदन प्रजापति, शत्रुघ्न प्रसाद, राजकुमार सिंह, पंचम प्रजापति, नरेन्द्र प्रजापति, सुरेन्द्र कुमार, सुधांशु प्रसाद ,कुन्दन प्रसाद, नीरज भगत, वसीम अंसारी, अखिलेश प्रजापति, उमेश प्रसाद, अशोक यादव, प्रवीण प्रसाद, अजय प्रसाद समेत कई किसान शामिल हैं।

रिपोर्टर : बब्लू खान 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.