बिना सहमति झामुमो में नाम शामिल करने पर विवाद, किया खंडन
बालूमाथ :बालूमाथ प्रखंड क्षेत्र के कुरियाम खुर्द में कुछ लोगों के नाम झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) में शामिल किए जाने को लेकर विवाद सामने आया है। भाजपा की बैठक के दौरान इस मामले को लेकर आपत्ति जताई गई। मुनेश यादव, मुकेश यादव और सुरेंद्र यादव ने खुद को झामुमो का कार्यकर्ता बताए जाने का खंडन करते हुए कहा कि उनकी सहमति के बिना पार्टी में उनका नाम शामिल किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि गांव के ग्रामीणों को मंईयां सम्मान योजना में नाम जुड़वाने की बात कहकर बुलाया गया था। इसी दौरान उनकी अनुमति के बिना झामुमो में नाम दर्ज कर दिया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब वे पहले से भाजपा में थे और आज भी भाजपा के कार्यकर्ता हैं, तो उनका नाम झामुमो में कैसे शामिल कर दिया गया। उन्होंने कहा कि इस तरह बिना सहमति नाम शामिल किए जाने से उनकी राजनीतिक छवि प्रभावित हुई है। इस प्रकरण को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी अपनी आपत्ति जताई और पूरे मामले पर सवाल उठाए। बैठक में विधायक प्रतिनिधि अशोक साहू, रविंद्र प्रसाद गुप्ता, जलेश्वर यादव, अशोक साव, संजय साव, मुनेश यादव, भोला साव, कपिन्दर यादव समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
रिपोर्टर : मो० अरबाज

No Previous Comments found.