नीलाम्बर-पीताम्बर स्मारक स्थल की जमीन से अतिक्रमण हटाने की मांग, डीसी को सौंपा ज्ञापन

लातेहार : अखिल झारखंड खरवार आदिवासी विकास परिषद ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर मतनाग (जोगनाटांड़) स्थित अमर शहीद नीलाम्बर-पीताम्बर स्मारक स्थल की जमीन से अतिक्रमण हटाने और सांसद मद से निर्मित विवाह मंडप को अवैध कब्जे से मुक्त कराने की मांग की है।

परिषद के अध्यक्ष जानकी सिंह खरवार ने बताया कि ग्राम मतनाग में एनएच-75 के समीप खाता संख्या 24, खेसरा संख्या 399 और रकबा 0.89 एकड़ भूमि पर स्मारक स्थल एवं विवाह मंडप स्थित है। आरोप है कि रामेश्वर सिंह, पिता स्वर्गीय टिबर सिंह, निवासी ललगड़ी ने लंबे समय से विवाह मंडप में ताला लगाकर अवैध कब्जा कर रखा है। साथ ही स्मारक स्थल की जमीन का भी अतिक्रमण किया जा रहा है। इससे स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान और आम लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंच रही है।

परिषद के रघु पाल सिंह खरवार ने बताया कि सात जनवरी 2007 को तत्कालीन राजस्व मंत्री दुलाल भुइयां ने स्मारक की स्थापना की थी। इसके बाद से प्रत्येक वर्ष 28 मार्च को वीर नीलाम्बर-पीताम्बर का शहादत दिवस धूमधाम से मनाया जाता है। कार्यक्रम में लातेहार समेत गढ़वा, पलामू, चतरा, लोहरदगा और गुमला के हजारों खरवार आदिवासी एवं अन्य समुदायों के लोग शामिल होते हैं।

उन्होंने कहा कि अतिक्रमण और विवाह मंडप पर कथित कब्जे के कारण समारोह आयोजित करने में परेशानी होती है। परिषद ने प्रशासन से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

मौके पर प्रधान सचिव प्रदीप सिंह खरवार, कोषाध्यक्ष मोहन सिंह खरवार, केदार सिंह, दयाल सिंह खरवार, दुर्गा सिंह अमरनाथ सिंह सुभाष सिंह बुद्धेश्वर सिंह महेंद्र सिंह प्रभु दयाल सिंह नीरज सिंह रविंद्र सिंह मनोज सिंह सुरेश सिंह धनेश्वर सिंह खरवार समेत कई लोग उपस्थित थे।

रिपोर्टर : बब्लू खान 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.