6 नवंबर को महुआडांड़ में फुटबॉल का महामुकाबला, नागपुरी कलाकारों की प्रस्तुतियों से सजेगी सुरों की महफिल

लातेहार : महुआडांड़ प्रखंड अंतर्गत स्थानीय आवासीय विद्यालय स्टेडियम में आगामी 6 नवंबर को प्रखण्ड स्तरीय शहीद स्मारक नॉकआउट फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य फाइनल मुकाबला आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर जहां मैदान में फुटबॉल खिलाड़ियों के बीच खिताबी जीत के लिए रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा, वहीं दूसरी ओर नागपुरी संगीत की शानदार प्रस्तुतियों से पूरा स्टेडियम सुर और उत्साह के रंग में सराबोर होगा।

फाइनल मुकाबले का शुभारंभ सुबह 10 बजे मुख्य अतिथि पूर्व राज्यसभा सांसद आदरणीय  धीरज प्रसाद साहू एवं मनिका विधानसभा क्षेत्र के विधायक सह झारखंड विधानसभा सभापति आदरणीय  रामचन्द्र सिंह द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर किया जाएगा। इस दौरान दोनों अतिथि खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करेंगे तथा फुटबॉल को किक मारकर खिताबी मुकाबले का विधिवत उद्घाटन करेंगे।

नागपुरी संगीत के सितारों से गुलजार होगा महुआडांड़

दोनों विशिष्ट अतिथियों के आगमन को यादगार बनाने एवं फाइनल मुकाबले को ऐतिहासिक स्वरूप देने के उद्देश्य से भव्य नागपुरी रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया है। इसमें नागपुरी संगीत जगत के सुप्रसिद्ध गायक नितेश कच्छप, मजबूल खान, लोकप्रिय गायिका सुमन गुप्ता एवं बरखा बड़ाईक सहित कई नामचीन कलाकार अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करेंगे।

वहीं, ऑर्गनाइजर प्रेम सिंह की सहभागिता में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान नागपुरी गीत-संगीत की ऐसी महफिल सजेगी, जो खेलप्रेमियों एवं संगीतप्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगी।

हर वर्ष इस तरह के आयोजन को सफल बनाने में इफ्तखार अहमद जी का विशेष योगदान

हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी फुटबॉल टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले के अवसर पर आयोजित होने वाले भव्य नागपुरी रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम को सफल बनाने में झारखंड प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि इफ्तखार अहमद का विशेष योगदान रहेगा। खेल के साथ स्थानीय कला, संस्कृति एवं नागपुरी संगीत को बढ़ावा देने की दिशा में उनका सहयोग महत्वपूर्ण रहा है।

6 नवंबर को आयोजित होने वाला यह भव्य आयोजन खेल और संस्कृति का अनूठा संगम बनेगा, जहां एक ओर फुटबॉल के मैदान में खिलाड़ियों का जोश और जज्बा देखने को मिलेगा, वहीं दूसरी ओर नागपुरी कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियां दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर देंगी।

रिपोर्टर : बब्लू खान 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.