मगध-संघमित्रा परियोजना के विस्थापितों का प्रदर्शन, सीसीएल महाप्रबंधक कार्यालय का घेराव

बालूमाथ : मगध-संघमित्रा कोल परियोजना के विस्थापित ग्रामीणों ने रोजगार और मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर रविवार को आरा गांव में जोरदार प्रदर्शन किया। सीसीएल द्वारा संचालित मगध कोलियरी के विस्थापित गांव आरा, चमातू, फुलबसीया के हजारों की संख्या में जुटे ग्रामीण टोकरी और बेलचा लेकर सड़क पर उतरे तथा सीसीएल महाप्रबंधक कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने टोकरी और बेलचा से कई ट्रकों में खुद कोयले की लोडिंग भी की। ग्रामीणों का कहना था कि उनकी जमीन पर कोयले का उत्पादन हो रहा है, लेकिन स्थानीय लोगों को रोजगार नहीं मिल रहा है। मशीनों के बजाय स्थानीय मजदूरों से कोयला लोडिंग कराने की मांग उठाई गई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि रोजगार मांगने पर उनकी आवाज को रंगदारी का नाम देकर बदनाम किया जाता है। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर जल्द पहल नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा।

रिपोर्टर : मो० अरबाज 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.