नो एंट्री की मांग को लेकर राज्यपाल से छात्र नेता
बालूमाथ : बालूमाथ क्षेत्र में कोयला लदे भारी हाईवा वाहनों से हो रही सड़क दुर्घटनाओं, जनहानि और धूल-प्रदूषण की समस्या को लेकर दो सामाजिक कार्यकर्ता एवं युवा छात्रों पप्पू यादव एवं बलवंत सिंह ने मंगलवार को राजभवन, रांची पहुंचकर राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से बालूमाथ मुख्य बाजार एवं तुबेद कोल माइंस से प्रभावित एसएच-10 मार्ग पर सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक भारी कोयला लदे हाइवा वाहनों के परिचालन पर पूर्ण नो-एंट्री लागू करने की मांग की गई। इसके अलावा सड़क दुर्घटनाओं की निष्पक्ष जांच, जनहानि का आधिकारिक आंकड़ा सार्वजनिक करने, धूल-प्रदूषण पर नियंत्रण और प्रभावित ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई। छात्रों ने संविधान के अनुच्छेद 21 का हवाला देते हुए कहा कि नागरिकों के जीवन और व्यक्तिगत स्वतंत्रता के अधिकार की रक्षा करना आवश्यक है। उन्होंने राज्यपाल से मामले में हस्तक्षेप कर संबंधित जिला प्रशासन एवं विभागों को आवश्यक निर्देश देने की मांग की। दोनों छात्रों ने कहा कि यह किसी व्यक्ति या संस्था के खिलाफ नहीं, बल्कि बालूमाथ की जनता की सुरक्षा और मौलिक अधिकारों से जुड़ा जनहित का मामला है।
रिपोर्टर : मो० अरबाज

No Previous Comments found.