उपायुक्त ने विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक में दिए कई दिशा-निर्देश

लातेहार : आगामी पर्वों को देखते हुए जिले में निर्बाध एवं सुरक्षित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने को लेकर उपायुक्त संदीप कुमार ने विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में विद्युत विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं, बिजली आपूर्ति की स्थिति तथा रखरखाव से जुड़े कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान उपायुक्त ने विभागीय कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं को संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर जल्द दूर किया जाए। उन्होंने जिले में खराब पड़े ट्रांसफार्मरों को अविलंब बदलने, बार-बार बिजली बाधित होने की समस्या का समाधान करने तथा विभिन्न क्षेत्रों में पुराने एवं जर्जर बिजली तारों को बदलने का निर्देश विद्युत कार्यपालक अभियंता को दिया।

उपायुक्त ने आगामी पर्वों के मद्देनजर जिले में निर्बाध और सुचारू बिजली आपूर्ति बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान आम लोगों को बिजली की समस्या का सामना नहीं करना पड़े, इसके लिए विभाग पहले से ही आवश्यक तैयारियां पूरी कर ले। साथ ही संभावित तकनीकी खराबियों को समय रहते दुरुस्त करने और विद्युत व्यवस्था की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया।बैठक में विद्युत सुरक्षा को लेकर भी उपायुक्त ने अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि बिजली आपूर्ति एवं रखरखाव से संबंधित सभी कार्यों के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन किया जाए, ताकि किसी प्रकार की विद्युत दुर्घटना की आशंका न रहे।

इसके अलावा पर्व के दौरान बिजली से संबंधित शिकायतों के त्वरित निष्पादन के लिए विद्युत विभाग को कंट्रोल रूम स्थापित करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि कंट्रोल रूम प्रभावी रूप से संचालित होना चाहिए तथा वहां प्राप्त होने वाली शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उपायुक्त संदीप कुमार ने स्पष्ट कहा कि आगामी पर्वों के दौरान निर्बाध एवं सुरक्षित विद्युत आपूर्ति जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में विद्युत कार्यपालक अभियंता राजदेव मेहता, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. चंदन सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

रिपोर्टर : मो० अरबाज 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.