उपायुक्त की अध्यक्षता में जेएसएलपीएस द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक हुई संपन्न
लातेहार : उपायुक्त संदीप कुमार की अध्यक्षता में आज समाहरणालय सभागार में झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में स्वयं सहायता समूहों (SHG) के गठन, ग्राम संगठन एवं संकुल स्तरीय संघों की स्थिति, महिला सशक्तिकरण, बैंक लिंकेज, रिवॉल्विंग फंड, सामुदायिक निवेश निधि, कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार सृजन से संबंधित कार्यों की प्रगति की विस्तारपूर्वक समीक्षा कर उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि स्वयं सहायता समूहों को सशक्त बनाना सरकार की प्राथमिकता है, ऐसे में योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ते हुए उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे तथा आजीविका के साधनों का विस्तार होगा।
समीक्षा के क्रम में स्वयं सहायता समूह (SHG) के सभी पात्र सदस्यों का e-KYC शत-प्रतिशत पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया। VO Cut-off: VO से संबंधित कट-ऑफ प्रक्रिया को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने पर जोर दिया गया। स्वीकृत ऋण के वितरण (Disbursement) की प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया गया। स्वयं सहायता समूहों का बैंक लिंकेज सुनिश्चित करने तथा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धि प्राप्त करने पर जोर दिया गया। मुद्रा योजना के अंतर्गत पात्र लाभुकों एवं उद्यमियों को ऋण से जोड़ने तथा आवेदन एवं ऋण वितरण की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। लखपति दीदी से संबंधित आंकड़ों एवं उपलब्धियों की ऑनलाइन एंट्री शत-प्रतिशत पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। सभी कैडर का लंबित मानदेय भुगतान सुनिश्चित करते हुए शत प्रतिशत भुगतान का लक्ष्य प्राप्त करने को कहा गया। She-Leaps पोर्टल पर महिला उद्यमियों एवं उनके उद्यमों से संबंधित सभी लंबित प्रविष्टियों को शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। पलाश दीदी कैफे के संचालन, प्रगति एवं संबंधित गतिविधियों की समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। सभी संकुल स्तरीय संघ (CLF) कार्यालयों को व्यवस्थित एवं क्रियाशील बनाने तथा संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। RSETI के माध्यम से प्रशिक्षण तथा फूलो-झानो योजना के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्यों एवं उपलब्धियों की समीक्षा करते हुए पात्र लाभुकों को योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया गया। बैठक में विशेष रूप से सरयू एवं गारू प्रखंड की उपलब्धि अपेक्षाकृत कम पाए जाने पर उपायुक्त महोदय ने संबंधित अधिकारियों को विशेष कार्ययोजना बनाकर सभी निर्धारित लक्ष्यों को शत-प्रतिशत पूर्ण करने का निर्देश दिया। उपायुक्त महोदय ने स्पष्ट रूप से कहा कि JSLPS के अंतर्गत संचालित सभी गतिविधियों में लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धि प्राप्त करना संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। जिन डोमेन में उपलब्धि कम है, उन पर विशेष ध्यान देते हुए समन्वय के साथ कार्य किया जाए तथा अगले मासिक समीक्षा बैठक तक सभी लंबित लक्ष्यों को 100 प्रतिशत पूर्ण किया जाए।
उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर नियमित मॉनिटरिंग करने, क्षेत्र भ्रमण बढ़ाने तथा जमीनी स्तर पर कार्यों की प्रगति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चंदन, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जेएसएलपीएस संतोष कुमार, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक, RSETI के प्रतिनिधि, एलडीएम, आजीविका समन्वयक सहित अन्य संबंधित उपस्थित थे।
रिपोर्टर : मो० अरबाज

No Previous Comments found.