छठ पूजा देखने जा रहे युवक को 16 चक्का ट्रक ने कुचला, मौके पर मौत, तीन घंटे सड़क जाम
बालूमाथ : छठ महापर्व की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब छठ पूजा देखने जा रहे एक युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। घटना रविवार देर शाम करीब 7:30 बजे बालूमाथ-खलारी मुख्य पथ पर भगिया चौक के समीप हुई।घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार रंजीत साव 25 वर्ष पिता दीपन साव ग्राम मुरपा थाना बालूमाथ निवासी अपने घर से पंडरिया तालाब छठ पूजा देखने जा रहा था। इसी दौरान बालूमाथ की ओर से आ रहे ट्रक संख्या जेएच19एफ6505 (16 चक्का) ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने रविवार देर शाम 7.30 बजे से रात 10.30 बजे तक सड़क जाम कर दिया। जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। घटना की सूचना पाकर मुरपा पिकेट प्रभारी होसेन डांग ने घटनास्थल पहुंचकर ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण नहीं माने। बाद में थाना प्रभारी अनुभव कुमार सिन्हा मौके पर पहुंचे और परिजनों एवं ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया। वहीं, घटना के बाद पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक और चालक फरहत अंसारी, निवासी बारियातू, को अपने कब्जे में ले लिया। वहीं मृतक युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लातेहार भेज दिया ।घटना से इलाके में शोक का माहौल है।
रिपोर्टर : मो० अरबाज

No Previous Comments found.