तेतरियाखाड़ कोलियरी में ड्यूटी के दौरान होमगार्ड जवान की बिगड़ी तबीयत, इलाज के दौरान मौत
बालूमाथ : बालूमाथ प्रखंड में संचालित सीसीएल की तेतरियाखाड़ कोलियरी में ड्यूटी पर तैनात एक होमगार्ड जवान की तबीयत बिगड़ने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान चंदवा थाना क्षेत्र निवासी करीब 45 वर्षीय राजकुमार गंझू के रूप में हुई है। शुक्रवार की रात लातेहार सदर अस्पताल में उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की शाम तेतरियाखाड़ कोलियरी में ड्यूटी के दौरान अचानक राजकुमार गंझू की तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए चंदवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए लातेहार सदर अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, सदर अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। राजकुमार गंझू अपने परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य था। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वे अपने पीछे पत्नी, तीन पुत्रियों और एक पुत्र सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। जवान की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।इधर, होमगार्ड संघ के सदस्यों एवं साथी जवानों ने राजकुमार गंझू के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
रिपोर्टर : मो० अरबाज

No Previous Comments found.