पूर्व मुख्यमंत्री और झामुमो के राज्यसभा सांसद शिबू सोरेन की हालत स्थिर,गुरुजी के शीघ्र स्वस्थ के लिए झारखंड में दुआएं मांगी गईं

लातेहार : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झामुमो के राज्यसभा सांसद दिशोम गुरु शिबू सोरेन की हालत स्थिर बताई जा रही है। पैरालिसिस अटैक के बाद से उनका इलाज नई दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में चल रहा है। वे पिछले पांच दिनों से आईसीयू में भर्ती हैं। अस्पताल प्रबंधन ने उनके इलाज को लेकर विदेशी विशेषज्ञों से भी परामर्श लिया है।

गुरुजी के जल्द स्वस्थ होने की कामना में झारखंड भर में लोग अपनी-अपनी आस्था के अनुसार पूजा-पाठ और दुआ कर रहे हैं। राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में भगवान जगन्नाथ मंदिरों में विशेष अनुष्ठान किए गए। झामुमो समर्थकों और आम लोगों ने गुरुजी के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए पूजा-अर्चना की वहीं, मुस्लिम समुदाय ने भी जुम्मा की नमाज के बाद गुरुजी के लिए विशेष दुआ मांगी। झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता जुनैद अनवर ने कहा कि दिशोम गुरु की तबीयत बिगड़ने से झारखंड के अल्पसंख्यक समुदाय बेहद दुखी हैं। उन्होंने बताया कि लातेहार, पलामू, गढ़वा, चतरा, लोहरदगा, हजारीबाग, गुमला और रांची सहित कई जिलों में मस्जिदों में दुआएं मांगी गईं और मज़ारों पर चादर चढ़ाई गई।

वरिष्ठ नेता जुनैद अनवर ने कहा कि शिबू सोरेन झारखंड राज्य के निर्माता हैं। अलग राज्य के आंदोलन में उनका योगदान और बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने महाजन प्रथा और सामंती शासन को खत्म करने में जो संघर्ष किया, उसी वजह से आज पूरा झारखंड उनसे प्रेम करता है और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहा है।

रिपोर्टर : मो० अरबाज

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.