किसान का बेटा बना SDM, पूरे बालूमाथ क्षेत्र में खुशी की लहर

लातेहार - बालूमाथ संघर्ष, कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प की मिसाल बने बालूमाथ प्रखंड के कोमर गांव निवासी प्रवीण कुमार सिंह ने क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया है। साधारण किसान परिवार से आने वाले प्रवीण कुमार सिंह ने जेपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण कर उप समाहर्ता (SDM) के पद पर पदस्थापित होकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उनकी इस सफलता से कोमर गांव समेत पूरे बालूमाथ प्रखंड में जश्न का माहौल है। ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने मिठाइयाँ बाँटकर एक-दूसरे को बधाई दी और प्रवीण कुमार सिंह के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

शिक्षा से लेकर प्रशासनिक सेवा तक का सफर 

प्रवीण कुमार सिंह की प्रारंभिक शिक्षा कोमर गांव के प्राथमिक विद्यालय से हुई। इसके बाद उन्होंने सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बालूमाथ और राजकीयकृत प्लस टू उच्च विद्यालय, बालूमाथ से स्कूली पढ़ाई पूरी की। इंटरमीडिएट की पढ़ाई अन्नदा कॉलेज, हजारीबाग और स्नातक की डिग्री जेजे कॉलेज, झुमरी तिलैया से अर्थशास्त्र (प्रतिष्ठा) में पूरी की।

कड़ी मेहनत और अनुशासन का नतीजा 

प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि उन्होंने पहले झारखंड पुलिस में सब इंस्पेक्टर के रूप में भी अपनी सेवा दी है। इसके अलावा वे लातेहार जिले में लिपिक पद पर भी कार्यरत रहे हैं। लेकिन उनके सपनों की उड़ान यहीं नहीं रुकी, उन्होंने कठिन परिश्रम और लगन से जेपीएससी परीक्षा पास कर झारखंड प्रशासनिक सेवा में कदम रखा और अंचल अधिकारी से लेकर अब SDM बनने तक का सफर तय किया।

सामाजिक सरोकार से भी गहरा जुड़ाव - सरकारी सेवा के साथ-साथ प्रवीण कुमार सिंह हमेशा सामाजिक सरोकार से जुड़े रहे हैं। लोगों की समस्याओं को प्रशासनिक स्तर पर मुखरता से उठाने के कारण क्षेत्र में उनकी लोकप्रियता लगातार बढ़ती गई है।

खेल में भी परिवार का नाम 

प्रवीण कुमार सिंह के पिता सुरेश सिंह बालूमाथ क्षेत्र में फुटबॉल के भीष्म पितामह के नाम से जाने जाते हैं। सुरेश सिंह एक जाने-माने फुटबॉलर रहे हैं और अब भी खेल के क्षेत्र में युवाओं को प्रेरित करते हैं।

परिवार का गौरव प्रवीण कुमार सिंह लातेहार जिला परिषद उपाध्यक्ष अनीता देवी के पति हैं। वर्तमान में वे अंचल अधिकारी बलियापुर के पद पर कार्यरत हैं। उनके छोटे भाई पीकेश कुमार सिंह झारखंड सचिवालय में प्रशाखा पदाधिकारी के रूप में सेवा दे रहे हैं। झारखंड के कई जिलों में सेवा का अनुभव  प्रवीण कुमार सिंह ने इससे पूर्व सिल्ली (रांची), पाटन (पलामू), सरायकेला, कुड़ू (लोहरदगा), चांहो (रांची), सिमडेगा, अड़की (खूंटी) और चिनिया (गढ़वा) में भी अपनी जिम्मेदारियों को बखूबी निभाया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जो भी जिम्मेदारी सौंपेगी, उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाना ही उनका उद्देश्य रहेगा।

रिपोर्टर - मो० अरबाज 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.