अबुआ आवास योजना में बड़ा घोटाला! फर्जी लेबर आईडी से निकाले लाखों, गरीबों का टूटा सपना

लातेहार : हेरहंज प्रखंड के चीरू पंचायत से एक चौंकाने वाला घोटाला सामने आया है, जहां अबुआ आवास योजना के तहत गरीबों के नाम स्वीकृत आवास की मजदूरी राशि फर्जी लेबर आईडी के माध्यम से निकाल ली गई। इस घोटाले ने योजना की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।विजरा गांव के तीन लाभुकों — बलराम सिंह, रामसुंदर लोहरा और लक्ष्मण राम — ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि पंचायत के मुखिया एवं संबंधित कर्मियों की मिलीभगत से उनके आवासों के नाम पर फर्जी मास्टर रोल बनाकर मजदूरी का पैसा हड़प लिया गया।
बलराम सिंह ने बताया कि उनकी मां मीना देवी के नाम से स्वीकृत आवास (सेक्शन संख्या: 7080903916906) से मास्टर रोल संख्या 10767 का उपयोग कर फर्जी आईडी के जरिए मजदूरी की निकासी कर ली गई। उन्होंने कहा कि कई बार इसकी सूचना अधिकारियों को दी गई, पर अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई।
रामसुंदर लोहरा ने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी तारामणि देवी के नाम से स्वीकृत आवास (सेक्शन संख्या: 7080903779487) से भी मास्टर रोल संख्या 22111 के जरिए मजदूरी राशि निकाल ली गई। "हम खुद दिहाड़ी मजदूर हैं। मजदूरी नहीं मिलने से मकान अधूरा है," उन्होंने दुख जताते हुए कहा।
हाटाटोंगरी निवासी लक्ष्मण राम ने बताया कि उनकी पत्नी रूनीया देवी के नाम से स्वीकृत आवास (रजिस्ट्रेशन संख्या: 7080903786430, मास्टर रोल: 2070) की मजदूरी राशि भी गबन कर ली गई है। "हमारे जैसे गरीब परिवार को ही अगर सरकार की योजनाओं से वंचित किया जाएगा तो हम कहां जाएंगे?" उन्होंने सवाल उठाया।
तीनों लाभुकों ने उपायुक्त लातेहार को ज्ञापन सौंपकर इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने दोषी मुखिया व कर्मियों पर कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
लाभुकों का कहना है कि “अबुआ आवास योजना गरीबों के लिए उम्मीद की किरण है, लेकिन भ्रष्टाचारियों के कारण यह बदनामी का कारण बनती जा रही है।” प्रशासन की चुप्पी और पंचायत की भूमिका पर सवाल उठना लाजिमी है।
रिपोर्टर : बब्लू खान
No Previous Comments found.