रेड जोन बना बालूमाथ चतरा मुख्य मार्ग, प्रशासन की अनदेखी से बढ़ रही दुर्घटनाएं

बालूमाथ- बालूमाथ प्रखंड मुख्यालय स्थित छठ तालाब के समीप से होकर गुजरने वाला बालूमाथ-चतरा मुख्य मार्ग इन दिनों गंभीर जर्जरता का शिकार हो गया है। बालूमाथ थाना चौक से लेकर पांकी मोड़ तक इस मार्ग पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। लगातार हो रही बारिश के कारण इन गड्ढों में पानी भर जाता है। जिससे राहगीरों को रास्ता पहचानना मुश्किल हो जाता है और आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सड़क अब 'रेड जोन' बन चुकी है। जहां चलना खतरे से खाली नहीं। दोपहिया वाहन चालक, स्कूली छात्र-छात्राएं, बुजुर्ग, महिलाएं सभी असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि इस मार्ग से बड़ी संख्या में वाहन मालवाहक ट्रक, बस, ऑटो और एम्बुलेंस तक प्रतिदिन गुजरते हैं। लेकिन प्रशासनिक स्तर पर अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। छठ तालाब से सटे इलाके में जलजमाव के कारण स्थिति और भी भयावह हो जाती है। कई वाहन फिसलकर पलट चुके हैं। जिससे जानमाल का नुकसान हो रहा है।

 स्थानीय जनप्रतिनिधियों की नाराजगी 

इस मुद्दे को लेकर स्थानीय मुखिया, सामाजिक कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधियों ने कई बार जिला प्रशासन और संबंधित विभाग का ध्यान आकर्षित किया। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।

 जनता का सवाल,कब जागेगा प्रशासन 

ग्रामीणों और बालूमाथ वासियों का सीधा सवाल है कि जब यह सड़क इतने महत्वपूर्ण स्थानों को जोड़ती है। तो इसकी अनदेखी क्यों की जा रही है। क्या किसी बड़ी दुर्घटना के बाद ही प्रशासन जागेगा।

संवाददाता - मो० अरबाज  बालूमाथ 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.