एंजेल पब्लिक स्कूल में दीपावली पर्व के उपलक्ष्य में रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन, बच्चों ने दिखाई प्रतिभा

बालूमाथ : बालूमाथ प्रखंड मुख्यालय स्थित एंजेल पब्लिक स्कूल में शनिवार को दीपावली पर्व की पूर्व संध्या पर रंगोली प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में नर्सरी से लेकर कक्षा 8वीं तक के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। नर्सरी से यूकेजी वर्ग के छोटे बच्चों ने अपनी कल्पनाशक्ति से आकर्षक रंगोलियाँ बनाई, वहीं कक्षा 1 से 8वीं तक के विद्यार्थियों ने विषय आधारित रंगोलियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। किसी ने भगवान राम-सीता की रंगोली बनाई तो किसी ने दीपावली और पर्यावरण संरक्षण पर आधारित सुंदर आकृतियाँ उकेरीं। विद्यालय परिसर बच्चों की रंग-बिरंगी कलाकृतियों से जगमगा उठा। निर्णायक मंडल ने रचनात्मकता, संतुलन और रंग संयोजन के आधार पर विजेताओं का चयन किया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त छात्रों को ज्योमेट्री बॉक्स, जबकि द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त छात्रों को प्रोत्साहन पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रबंधक रवि कुमार ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि रंगोली प्रतियोगिता जैसे आयोजन बच्चों के शैक्षणिक, मानसिक और शारीरिक विकास में सहायक होते हैं। उन्होंने कहा कि दीपावली का पर्व प्रकाश और सकारात्मकता का प्रतीक है, जो हमें बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश देता है। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक संतोष कुमार, रविंद्र कुमार, संतोष कुमार गुप्ता, अनुराग सिंह, अनु कुमारी, सपना कुमारी, निकिता कुमारी और मनोज कुमार सहित अनेक शिक्षक एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : मो० अरबाज
No Previous Comments found.