लातेहार पुलिस को बड़ी सफलता,माओवादी कमांडर रवींद्र गंझू की पत्नी गिरफ्तार
लातेहार : झारखंड पुलिस को नक्सल मोर्चे पर एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। लातेहार पुलिस ने प्रतिबंधित संगठन भाकपा (माओवादी) के कुख्यात एरिया कमांडर रवींद्र गंझू की पत्नी ललिता देवी को गिरफ्तार कर लिया है। उसे रविवार को लोहरदगा जिले के जोबांग इलाके से दबोचा गया। ललिता देवी पर लंबे समय से नक्सली गतिविधियों में शामिल रहने और कई संगीन मामलों में वांछित होने का आरोप था। एसपी कुमार गौरव ने बताया कि ललिता देवी के खिलाफ लातेहार और लोहरदगा जिलों में आपराधिक कानून (संशोधन) अधिनियम के तहत कई मामले दर्ज थे। अदालत के आदेश के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया पूरी करते हुए जेल भेज दिया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, ललिता देवी पहले भी जेल जा चुकी है। रिहाई के बाद वह दोबारा भूमिगत होकर नक्सली संगठन के संपर्क में सक्रिय हो गई थी। बताया जाता है कि वह अपने पति रवींद्र गंझू के साथ संगठन की रणनीति और गतिविधियों को संचालित करने में अहम भूमिका निभा रही थी।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रवींद्र गंझू झारखंड का कुख्यात और कट्टर माओवादी कमांडर है। जिसके खिलाफ कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) के पास भी लोहरदगा में उसके खिलाफ कई मामले लंबित हैं। पुलिस को उम्मीद है कि ललिता देवी की गिरफ्तारी से संगठन के नेटवर्क, उसकी हालिया गतिविधियों और अन्य सहयोगियों के बारे में कई अहम जानकारियां मिल सकती हैं, जिससे नक्सल विरोधी अभियान को और गति मिलेगी।
रिपोर्टर : मो० अरबाज
No Previous Comments found.