जन संवाद के दौरान सांसद कालीचरण सिंह का बड़ा ऐलान, जनवरी के अंत तक टोरी आरओबी का डीपीआर होगा तैयार
चंदवा : चतरा लोकसभा के सांसद कालीचरण सिंह शनिवार को चंदवा पहुंचे, जहां पथ निर्माण विभाग के विश्रामागार परिसर में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जन संवाद के दौरान सांसद ने कार्यकर्ताओं और आम लोगों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और कई अहम मुद्दों पर त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद कालीचरण सिंह ने कहा कि उन्होंने घंटों तक कार्यकर्ताओं की बातें सुनी हैं और कई कार्यकर्ताओं ने लिखित रूप में भी अपनी समस्याएं सौंपी हैं। उन्होंने कहा कि जन समस्याओं के समाधान के लिए वे शत-प्रतिशत प्रयास करेंगे। इस दौरान सबसे प्रमुख मुद्दा रांची–चतरा मुख्य मार्ग पर स्थित टोरी रेलवे क्रॉसिंग का उठा, जहां आरओबी (रेल ओवरब्रिज) नहीं होने से क्षेत्र का विकास पूरी तरह बाधित हो रहा है।
सांसद ने कहा कि टोरी रेलवे क्रॉसिंग की समस्या को वे तीन बार लोकसभा में उठा चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने व्यक्तिगत रूप से केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर पूरे मामले से अवगत कराया है। सांसद ने बताया कि मंत्री द्वारा इस मुद्दे पर सकारात्मक आश्वासन दिया गया है। उन्होंने रेल डिवीजन के पदाधिकारियों को दिल्ली ले जाकर भी स्थिति से अवगत कराया है। सांसद ने भरोसा दिलाया कि जनवरी महीने के अंत तक टोरी आरओबी का डीपीआर तैयार हो जाएगा और इसके बाद कार्य शुरू होने की पूरी संभावना है।
जन संवाद के दौरान भाजपा नेता विजय कुमार दुबे ने चंदवा अस्पताल की बदहाल व्यवस्था की ओर सांसद का ध्यान आकृष्ट कराया। उन्होंने अस्पताल परिसर में ट्रामा सेंटर, ब्लड बैंक की आवश्यकता और डॉक्टरों की भारी कमी की जानकारी दी। इस पर सांसद ने तत्काल संज्ञान लेते हुए सिविल सर्जन लातेहार से दूरभाष पर बातचीत की और डॉक्टरों की कमी को यथासंभव दूर करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि ट्रामा सेंटर और ब्लड बैंक जैसी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए वे राज्य सरकार से मजबूती से मांग रखेंगे।
सांसद कालीचरण सिंह ने ग्रामीण क्षेत्रों से आए कार्यकर्ताओं से कहा कि जन समस्याएं चाहे छोटी हों या बड़ी, उन्हें मंडल अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष या स्वयं उन्हें फोन कर अथवा लिखित रूप में जरूर अवगत कराएं। उन्होंने कहा कि चतरा उनका घर है और चतरा लोकसभा क्षेत्र में अगर विकास कार्य नहीं होते हैं तो उन्हें भी उतना ही दर्द होता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता की समस्याओं के समाधान के लिए वे लगातार संघर्ष करते रहेंगे।
सांसद ने जानकारी दी कि आगामी 17 जनवरी को लातेहार जिले में दिशा (जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति) की बैठक प्रस्तावित है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि पुल-पुलिया, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को लिखित रूप में दें, ताकि दिशा की बैठक में उन्हें राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन के समक्ष मजबूती से रखा जा सके।
इस अवसर पर नव नियुक्त जिला अध्यक्ष बंशी यादव, पूर्व जिला अध्यक्ष लाल कौशल नाथ शाहदेव, विजय कुमार दुबे, राकेश दुबे, मुकेश पांडेय, राजकुमार पाठक, रामवृक्ष चौधरी, पूर्व मंडल अध्यक्ष अमित कुमार गुप्ता, निर्मल कुमार शर्मा, नव नियुक्त मंडल अध्यक्ष आशीष कुमार सिंह, राजेंद्र यादव, संजीव कुमार, आजाद मंटू केसरी, रिकी वर्मा, रोहित शाहदेव, विजय कुमार साहू, दीपक निषाद, सिकेश्वर यादव, सूरज नारायण साहू, विनय कुमार साहू, गोपाल जयसवाल, विनोद कुमार गुड्डू समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।
जन संवाद कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया और लोगों ने सांसद के आश्वासन को क्षेत्र के विकास के लिए उम्मीद की नई किरण बताया।
रिपोर्टर : बब्लू खान

No Previous Comments found.