ग्राम सभा की सहमति बिना कंपनी का प्रवेश वर्जित : ग्रामीण
बालूमाथ : बालूमाथ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत धांधू पंचायत के भैसादोन मकईयाटाड़ स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में रविवार को ग्राम प्रधान विहारी यादव की अध्यक्षता में पंचायत स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक एनएलसी कंपनी की धांधू नार्थ कोल परियोजना में सेक्शन-9 के तहत भूमि खरीदी-बिक्री एवं हस्तांतरण पर रोक के कारण प्रभावित ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर बुलाई गई थी। बैठक में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि परियोजना क्षेत्र में ग्राम सभा की अनुमति के बिना झाड़ीयों की कटाई, रास्ता निर्माण सहित अन्य गतिविधियाँ कराई जा रही हैं। जो पूरी तरह अवैध एवं असंवैधानिक है। ग्रामीणों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ग्राम सभा की सहमति के बिना किसी भी कंपनी को गांव में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। बैठक में पंचायत एवं आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में महिला-पुरुष ग्रामीण उपस्थित थे। सभी ने अपने-अपने विचार रखते हुए कंपनी के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष करने का संकल्प लिया। ग्रामीणों ने कहा कि लोकसभा और विधानसभा से भी बड़ा अधिकार ग्राम सभा का है और इसकी अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल शीघ्र ही माननीय उपायुक्त, लातेहार को ज्ञापन सौंपेगा। साथ ही मांग पत्र की प्रतिलिपि राज्यपाल को भी भेजी जाएगी, ताकि ग्राम सभा की सहमति के बिना चल रहे सभी कार्यों पर तत्काल रोक लगाई जा सके। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि कंपनी द्वारा ग्राम सभा के अधिकारों का उल्लंघन जारी रहा, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन एवं कंपनी की होगी।
बैठक के अंत में ग्राम प्रधान विहारी यादव ने कहा कि ग्राम सभा की सहमति सर्वोपरि है। गांव की जमीन, जंगल और अधिकारों की रक्षा के लिए पूरा गांव एकजुट है। किसी भी कीमत पर विस्थापन स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा जल, जंगल और जमीन हमारे हैं, और अपने पुरखों की जमीन की रक्षा के लिए ग्रामीण अंतिम सांस तक संघर्ष करेंगे।
रिपोर्टर : मो० अरबाज


No Previous Comments found.