परियोजना पदाधिकारी के नेतृत्व में ट्रक मालिकों की बैठक, कोयला गुणवत्ता पर उठा सवाल

बालूमाथ :  बालूमाथ प्रखंड अंतर्गत सीसीएल द्वारा संचालित तेतरियाखाड कोलियरी परिसर में मंगलवार को परियोजना पदाधिकारी जेपी रावत की अध्यक्षता में विस्थापित-प्रभावित ट्रक ऑनर की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में कोयला स्टॉक, ढुलाई व्यवस्था और गुणवत्ता को लेकर गंभीर चर्चा हुई। बैठक को संबोधित करते हुए परियोजना पदाधिकारी जेपी रावत ने बताया कि वर्तमान में कोलियरी परिसर में कोयला रखने के लिए पर्याप्त जगह नहीं है। स्टॉक में लगभग 10 लाख टन कोयला जमा हो चुका है, जिसका शीघ्र उठाव आवश्यक है। यदि समय रहते कोयला स्टॉक नहीं हटाया गया तो कोलियरी बंद होने की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। उन्होंने कहा कि इस समस्या का एकमात्र समाधान हाईवा के माध्यम से कोयला ढुलाई कराना है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए विस्थापित नेताओं एवं ट्रक मालिकों ने आरोप लगाया कि जमा कोयला स्टॉक में लगभग तीन लाख टन बैंड पत्थर और मिट्टी मिलाकर कोयले की गुणवत्ता खराब कर दी गई है। विस्थापित नेता गंगेश्वर यादव, राजन यादव, देवनारायण यादव, दिलमनी यादव समेत अन्य ट्रक मालिकों ने कहा कि खराब गुणवत्ता के कारण कोई भी कंपनी कोयला खरीदने को तैयार नहीं है। और अब सीसीएल प्रबंधन अपनी गलती छिपाने के लिए स्थानीय लोगों पर दोष मढ़ते हुए हाईवा चलाने का दबाव बना रहा है। इस संबंध में कई बार प्रबंधन को सूचना दी गई, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। वहीं सुरेश यादव ने कहा कि यदि आवश्यकता हो तो वे लोग लागत मूल्य पर ट्रक से 10 लाख टन कोयला उठाने को तैयार हैं। दिलीप यादव ने मांग की कि स्टॉक में जमा कोयले की सैंपलिंग कर गुणवत्ता की जांच कराई जाए, जिससे सच्चाई सामने आ सके। उन्होंने आरोप लगाया कि कोयले के नाम पर राख और बैंड पत्थर भरा हुआ है। रवि यादव ने आरोप लगाया कि पीएनएम कंपनी और सीसीएल की मिलीभगत से अच्छे कोयले में बैंड पत्थर मिलाया गया है और अब जबरन हाईवा चलाने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे विस्थापित-प्रभावित लोग किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि पीएनएम कंपनी को अडानी पावर के लिए खुद के स्टॉक से कोयला भेजना था, लेकिन बिना क्रश किया हुआ कोयला सीसीएल स्टॉक से उठाया गया, जो करोड़ों रुपये के घोटाले की ओर इशारा करता है। बैठक में बसिया मुखिया विमला देवी, ग्राम प्रधान रामकुमार यादव मनोज यादव, संतोष यादव, रौशन यादव, संदीप यादव, काली यादव, सुरेश उरांव, राजेंद्र यादव, दीपक यादव, प्रदीप यादव, झमेंद्र यादव, तिवारी यादव, उपेंद्र यादव, प्रकाश यादव, रविंद्र यादव, मंटू साव, मो. अयूब, सागर राम, राजेश राम, दीपू गुप्ता समेत सैकड़ों लोग उपस्थित थे।

रिपोर्टर : मो० अरबाज 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.