“गांधीगिरी से सड़क सुरक्षा का संदेश: 328 चालकों को गुलाब देकर किया जागरूक”
लातेहार : जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर परिवहन विभाग द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में आज नवोदय विद्यालय के विद्यार्थियों एवं विद्यालय प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली के दौरान लातेहार थाना चौक के पास यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों को गुलाब फूल भेंट कर सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला परिवहन पदाधिकारी उमेश मंडल, पुलिस उपाधीक्षक संजीव कुमार मिश्रा तथा नवोदय विद्यालय लातेहार के प्रधानाचार्य रामायण राम ने किया। ‘गांधीगिरी’ की तर्ज पर बिना हेलमेट दोपहिया चालकों एवं बिना सीट बेल्ट चारपहिया वाहन चालकों को फूल देकर यातायात नियमों का पालन करने का आग्रह किया गया। इस दौरान करीब 328 वाहन चालकों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम में लातेहार शहर थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिन्हा, सड़क सुरक्षा कर्मी ऋषि राज, राजेश गुप्ता सहित जिला पुलिस बल के जवान उपस्थित रहे। अभियान का उद्देश्य दंड के बजाय संवाद और सम्मान के माध्यम से लोगों में यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।
रिपोर्टर : बब्लू खान


No Previous Comments found.