तैयारी का जायजा लेने पहुंचे विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी
लातेहार - बालूमाथ आगामी 21 फरवरी को बिरसा मुंडा जोगियाडीह मैदान में आयोजित होने वाले विराट हिंदू सम्मेलन की तैयारी को लेकर विश्व हिंदू परिषद के प्रांतीय व जिला स्तरीय पदाधिकारी शनिवार को बालूमाथ पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सनातन समाज के लोगों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की रूपरेखा एवं व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में प्रांत मंत्री मिथिलेश्वर मिश्रा, प्रांत संगठन मंत्री चितरंजन कुमार, पलामू विभाग संगठन मंत्री विजय यादव तथा लातेहार जिला मंत्री संजय तिवारी मुख्य रूप से उपस्थित थे।पदाधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रांत मंत्री मिथिलेश्वर मिश्रा ने कहा कि यह विराट हिंदू सम्मेलन पूरे लातेहार जिले के लिए महत्वपूर्ण आयोजन है, जिसका आयोजन बालूमाथ प्रखंड में किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय महामंत्री मिलिंद पाराडे शामिल होंगे।
कार्यक्रम संयोजक सुरेंद्र गुप्ता ने जानकारी दी कि सम्मेलन की तैयारी को लेकर प्रखंड क्षेत्र के चिन्हित 80 गांवों में घर-घर अक्षत देकर आमंत्रण देने का निर्णय लिया गया है। 21 फरवरी को सभी सनातनी टमटम टोला में एकत्रित होंगे, जहां से भव्य कलश शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो जोगियाडीह मैदान तक पहुंचेगी। कार्यक्रम स्थल पर 51 कुण्डीय यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही 11 बार सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा अतिथियों के उद्बोधन के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। बैठक में जिला सह मंत्री विकास मित्तल, जिला सेवा प्रमुख विपिन सिंह, जिला संयोजक गौरव महलका, सहसंयोजक लालदेव गंझू, कोषाध्यक्ष शैलेश सिंह, पिंटू कुमार, अनिल प्रजापति तथा भाजपा मंडल अध्यक्ष अखिलेश भोगता सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम में आए अतिथियों का स्वागत अंगवस्त्र देकर किया गया।
रिपोर्टर - मो० अरबाज

No Previous Comments found.