माइंस से क्रेशर मशीन हटाने पर ट्रक मालिकों की बैठक में बनी सहमति
लातेहार - बालूमाथ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) द्वारा संचालित तेतरियाखाड कोलियरी परिसर में विस्थापितों के धरना स्थल पर शनिवार को बालूमाथ एवं बसिया पंचायत के ट्रक मालिकों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में बसिया पंचायत की मुखिया विमला देवी समेत सैकड़ों ट्रक मालिक उपस्थित रहे। बैठक को संबोधित करते हुए मुखिया विमला देवी ने कहा कि सीसीएल द्वारा कोयला क्रशिंग के लिए लगाई गई क्रेशर मशीन का टेंडर अवधि पूर्ण हो चुकी है। इसलिए कंपनी को अपनी मशीन तत्काल माइंस परिसर से बाहर करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि स्थानीय ट्रक मालिकों के हितों की अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उनके इस प्रस्ताव का उपस्थित ट्रक मालिकों ने समर्थन किया। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि कोयले में बैंड (पत्थर) मिलाने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं, जिसे बंद किया जाना चाहिए। साथ ही पीएनएमएल कंपनी एवं सीसीएल द्वारा हाईवा वाहन चलाने की योजना का भी ट्रक मालिकों ने विरोध किया। उनका कहना था कि तेतरियाखाड माइंस में पूर्व से ही स्थानीय ट्रकों के माध्यम से कोयला परिवहन होता रहा है और यहां कभी हाईवा नहीं चला है। ऐसे में हाईवा परिचालन से स्थानीय ट्रक मालिकों की रोजी-रोटी प्रभावित होगी। बैठक में गंगेश्वर यादव,दिलीप यादव, काली यादव,कमलेश सिंह, उपेंद्र यादव,अरविंद यादव, रौशन यादव, संतोष यादव,प्रदीप यादव, कृष्णा साव,मो.शमीम, मोनू कुमार,दीपू गुप्ता,नामेश्वर गुप्ता,बीरेंद्र यादव,मंटु साव,देवनारायण यादव, रविंद्र सिंह, जगरनाथ यादव, मो. नासिर समेत कई ट्रक मालिक उपस्थित थे।
रिपोर्टर - मो० अरबाज


No Previous Comments found.