जमीन विवाद में मारपीट,पीड़ित ने लगाई एसपी से न्याय की गुहार
लातेहार - बालूमाथ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत शेरेगड़ा में जमीन विवाद को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। इस संबंध में शेरेगड़ा निवासी दामोदर साव ने लातेहार के पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव को लिखित आवेदन देकर मामले की जांच एवं दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। दिए गए आवेदन में दामोदर साव ने आरोप लगाया है कि बीते 10 फरवरी को गांव के ही वासुदेव साव, पिता स्व कीनू साव, रंजीत साव, पिता वासुदेव साव, मानती देवी, पति वासुदेव साव एवं प्रियंका देवी, पति रंजीत साव उनके हिस्से की जमीन पर जबरन बाउंड्री निर्माण करने लगे। जब उनकी पत्नी कांति देवी ने इसका विरोध किया, तो सभी आरोपी उग्र हो गए और लाठी-डंडे से उनके साथ मारपीट करने लगे। दामोदर साव के अनुसार पत्नी को बचाने जब वे पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। जिससे उनका बायां हाथ टूट गया तथा शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं. पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि वासुदेव साव का पुत्र रौशन कुमार बालूमाथ थाना में चौकीदार के पद पर कार्यरत है, और वह पद का धौंस दिखाते हुए धमकी देता है, कि वह कुछ भी कर सकता है। पीड़ित ने एसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।
रिपोर्टर - मो० अरबाज


No Previous Comments found.