गैरमजरूआ जमीन विवाद को लेकर ग्रामीणों ने दिया अंचल कार्यालय पर धरना
लावालौंग : प्रखंड क्षेत्र स्थित हाहे गांव के ग्रामीणों ने मंगलवार को गैरमजरूआ जमीन की कथित बिक्री के विरोध में अंचल कार्यालय का घेराव किया। ग्रामीणों का आरोप है कि जिस जमीन पर भुईयां समुदाय के लोग वर्षों से निवास और आजीविका चलाते आ रहे हैं, उसे कुछ भू-माफियाओं द्वारा कंपनी को बेचे जाने की प्रक्रिया चल रही है। इससे गांव में असंतोष और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों के अनुसार उक्त भूमि पर वे लंबे समय से खेती-बारी और रहन-सहन करते रहे हैं, लेकिन कुछ दबंग किस्म के लोग उसे अपनी निजी जमीन बताकर कंपनियों के हवाले करने का प्रयास कर रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि जमीन की वास्तविक स्थिति की जांच कर अवैध लेन-देन पर तत्काल रोक लगाई जाए। घेराव के दौरान ग्रामीणों ने अंचल कार्यालय में एक लिखित आवेदन भी सौंपा। उनका कहना था कि यदि उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे आगे भी आंदोलन करने को बाध्य होंगे। इस संबंध में पूछे जाने पर अंचल अधिकारी विपिन कुमार भारती ने बताया कि ग्रामीणों से बातचीत हुई है। प्रथम दृष्टया कुछ गलतफहमी की स्थिति प्रतीत हो रही है। उन्होंने कहा कि बुधवार को गांव में बैठक आयोजित कर सभी पक्षों की उपस्थिति में मामले का समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर : मो0 साजिद


No Previous Comments found.