नावाडीह में दो घरों में लगाई गई आग, जमीन विवाद में चार लोगों पर आरोप

लातेहार : सदर थाना क्षेत्र के ग्राम नावाडीह में दो घरों में आगजनी का मामला सामने आया है। गांव की संगीता देवी (पति– मंगलदेव उरांव) और पुनीता देवी (पति– महेंद्र सिंह) ने गांव के ही चार ग्रामीणों पर उनके घरों में आग लगाने का आरोप लगाया है। संगीता देवी के अनुसार 23-24 फरवरी की रात लगभग दो बजे वह अपने परिवार के साथ घर में सो रही थीं। अचानक नींद खुलने पर उन्होंने देखा कि घर में आग लगी हुई है। शोर मचाते हुए वे परिवार के साथ बाहर निकलीं, तब तक आग तेजी से फैल चुकी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि घर से बाहर निकलते समय उन्होंने सुरज यादव (पिता– भुनेश्वर यादव), दयाशंकर यादव (पिता– राजेश्वर यादव), सकलदीप यादव (पिता– मुन्सफ यादव) और गणेश यादव (पिता– रविन्द्र यादव) को वहां से भागते हुए देखा। पीड़िता ने बताया कि उक्त लोगों के साथ जमीन को लेकर पूर्व से विवाद चल रहा है। इस संबंध में पहले मारपीट की घटना भी हुई थी, जिसकी प्राथमिकी लातेहार थाना में दर्ज है और मामला न्यायालय में विचाराधीन है। आगजनी की इस घटना में घर के सामान सहित लगभग तीन लाख रुपये की क्षति बताई गई है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

रिपोर्टर : बब्लू खान

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.