गारू में शांति समिति की बैठक, सौहार्दपूर्ण होली मनाने की अपील
लातेहार :गारू होली पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर गारू थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अंचल अधिकारी दिनेश कुमार मिश्रा ने की, जबकि थाना प्रभारी जयप्रकाश शर्मा भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने उपस्थित सदस्यों से अपील की कि होली को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाया जाए। सीओ दिनेश कुमार मिश्रा ने कहा कि त्योहार की खुशी में कोई भी ऐसा कार्य न किया जाए जिससे सामाजिक सद्भाव बिगड़े या किसी की भावनाएं आहत हों।
थाना प्रभारी जयप्रकाश शर्मा ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। हुड़दंग, जबरन रंग लगाने और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
बैठक में अवैध शराब की बिक्री पर निगरानी बढ़ाने और संवेदनशील स्थानों पर विशेष गश्ती की व्यवस्था करने का निर्णय लिया गया। इस अवसर पर सीता देवी, तौकीर मियां, अखिलेश यादव, रामदेव उरांव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : बब्लू खान

No Previous Comments found.