14 मार्च को वर्ष की पहली राष्ट्रीय लोक अदालत, पीडीजे ने की तैयारियों की समीक्षा
लातेहार : जिला विधिक सेवा प्राधिकार, लातेहार की ओर से 14 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली वर्ष की पहली राष्ट्रीय लोक अदालत तथा 90 दिवसीय ‘मध्यस्थता देश के लिए 2.0’ अभियान की सफलता को लेकर व्यवहार न्यायालय लातेहार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार लातेहार श्री शेष नाथ सिंह ने की।
बैठक में राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन पर जोर दिया गया। श्री सिंह ने सुलहनीय आपराधिक मामले, दीवानी वाद, बैंक ऋण, बिजली बिल एवं वैवाहिक विवाद से जुड़े मामलों में अधिक से अधिक नोटिस तामिला सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि अधिकाधिक मामलों का निपटारा संभव हो सके।
‘मध्यस्थता देश के लिए 2.0’ अभियान पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि मध्यस्थता आपसी विवादों के समाधान का प्रभावी माध्यम है। न्यायिक अधिकारियों को पक्षकारों को इसके लाभ से अवगत कराने का निर्देश दिया गया, जिससे न्यायालयों पर लंबित मामलों का बोझ कम हो और समाज में सौहार्द बना रहे।
बैठक में कुटुंब न्यायालय, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीशगण, सीजेएम, एसीजेएम सहित अन्य न्यायिक पदाधिकारी उपस्थित थे।
रिपोर्टर : बब्लू खान


No Previous Comments found.