राष्ट्रपति के अपमान के विरोध में भाजपा का प्रदर्शन, लातेहार में ममता बनर्जी का पुतला दहन
लातेहार- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) लातेहार इकाई के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को समाहरणालय के समक्ष पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि हाल ही में पश्चिम बंगाल में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय संथाल समारोह के दौरान महामहिम राष्ट्रपति के साथ किया गया व्यवहार अनादरपूर्ण था, जिसके विरोध में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन राष्ट्रपति का अपमान पूरे देश और आदिवासी समाज का अपमान है, जिसे किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जा सकता। इसी मुद्दे को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए अपना आक्रोश व्यक्त किया और ममता बनर्जी के खिलाफ विरोध जताया।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने कहा कि राष्ट्रपति देश की गरिमा और संविधान की सर्वोच्चता का प्रतीक हैं। ऐसे में उनके सम्मान के साथ किसी भी प्रकार की असम्मानजनक घटना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं से जनता में गलत संदेश जाता है, इसलिए भाजपा इसका कड़ा विरोध करती है।
इस विरोध प्रदर्शन में भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम में मुख्य रूप से भाजपा प्रवक्ता राजीव रंजन पांडेय, पिंटू कुमार रजक, दीपक पासवान, जगनारायण कुमार अकेला, आलोक कुमार अकेला, अमर विश्वकर्मा, राजू दास सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और राष्ट्रपति के सम्मान की रक्षा करने का संकल्प भी दोहराया। विरोध प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।
संवाददाता - बब्लू खान

No Previous Comments found.