रांची में 15 मार्च को गूंजेगी क्षत्रिय समाज की एकता, लातेहार में रणनीति बैठक; रैली को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प

लातेहार : जिला मुख्यालय स्थित बानपुर मुहल्ला निवासी सेवा निवृत्त शिक्षक रामजनम प्रसाद सिंह के आवास पर रविवार को क्षत्रिय गौरव एकता मंच की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समाजसेवी सरयु प्रसाद सिंह ने की। इस दौरान आगामी 15 मार्च को रांची में आयोजित होने वाली क्षत्रिय गौरव एकता मंच की विशाल रैली को ऐतिहासिक और सफल बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में उपस्थित समाज के गणमान्य लोगों ने एकजुट होकर रैली को भव्य और प्रभावी बनाने का संकल्प लिया।बैठक में वक्ताओं ने कहा कि यह रैली केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि समाज की एकता, सम्मान और अधिकारों की आवाज को बुलंद करने का मंच बनेगी। रैली के माध्यम से क्षत्रिय समाज अपनी एकजुटता का परिचय देगा और समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा कर आगे की रणनीति तय की जाएगी।

बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद सुनील सिंह ने कहा कि समाज की मजबूती उसकी एकता में निहित होती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज के लोगों को संगठित होने की आवश्यकता है। रांची में आयोजित होने वाली यह रैली पूरे प्रदेश में एक मजबूत संदेश देगी कि क्षत्रिय समाज अपने अधिकारों और सम्मान को लेकर जागरूक है और संगठित होकर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस रैली में झारखंड के विभिन्न जिलों के अलावा पड़ोसी राज्यों से भी क्षत्रिय समाज के लोग बड़ी संख्या में शामिल होंगे और अपनी चट्टानी एकता का परिचय देंगे।
क्षत्रिय गौरव एकता मंच के प्रदेश संयोजक प्रवीण सिंह ने कहा कि झारखंड की धरती पर पहली बार खुले मैदान में इतने बड़े पैमाने पर क्षत्रिय समाज का सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। यह केवल एक रैली नहीं बल्कि समाज के भविष्य की दिशा तय करने वाला ऐतिहासिक आयोजन होगा। उन्होंने कहा कि इस मंच के माध्यम से समाज के राजनीतिक, आर्थिक और सामाजिक मुद्दों पर गंभीर चर्चा की जाएगी और समाज को मजबूत बनाने के लिए ठोस निर्णय लिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है और ऐसे में संगठित होकर आगे बढ़ना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि क्षत्रिय समाज हमेशा से सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की परंपरा निभाता आया है। यही कारण है कि समाज को एक छत्र की तरह सभी को संरक्षण देने वाला समाज माना जाता है। उन्होंने कहा कि समाज की एकता और संगठन ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है और इस ताकत को प्रदर्शित करने के लिए रांची की रैली को ऐतिहासिक बनाना आवश्यक है।बैठक में यह भी बताया गया कि रांची में आयोजित होने वाले इस सम्मेलन में कई प्रमुख राजनीतिक और सामाजिक हस्तियां शामिल होंगी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सांसद ब्रजभूषण शरण सिंह, बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह तथा वैशाली की सांसद लवली आनंद उपस्थित रहेंगे। इन नेताओं की उपस्थिति से कार्यक्रम का महत्व और भी बढ़ जाएगा।बैठक में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि रैली में झारखंड के सभी जिलों से हजारों की संख्या में क्षत्रिय समाज के लोग शामिल होंगे। इसके लिए जिला स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। समाज के युवाओं, बुद्धिजीवियों और वरिष्ठ नागरिकों को रैली में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
बैठक के दौरान यह निर्णय लिया गया कि लातेहार जिले से भी बड़ी संख्या में लोग रांची रैली में भाग लेंगे। इसके लिए गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक किया जाएगा और समाज के लोगों को रैली के महत्व के बारे में बताया जाएगा। बैठक में उपस्थित लोगों ने कहा कि यह रैली समाज के सम्मान और एकता का प्रतीक बनेगी।
कार्यक्रम में पूर्व सिविल सर्जन डॉ. एस.के. सिंह, सेवानिवृत्त डीडीसी सुरजीत कुमार सिंह, जय कुमार सिंह, लाल कौशल नाथ शाहदेव, अरुण सिंह, नंदु सिंह, संजय सिंह, राजू सिंह, अनिल सिंह, महेंद्र सिंह, भानु प्रताप सिंह, अमरजीत सिंह, उदय भानु, आनंद सिंह, आलोक सिंह, धीरू सिंह, अश्विनी सिंह, अजय सिंह, उदय प्रताप सिंह, वारिश सिंह, रूद्र प्रताप सिंह और लाल आशीष नाथ शाहदेव समेत समाज के कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
बैठक के अंत में सभी ने एक स्वर में यह संकल्प लिया कि 15 मार्च को रांची में आयोजित होने वाली क्षत्रिय गौरव एकता मंच की रैली को ऐतिहासिक बनाया जाएगा और समाज की एकता व सम्मान का मजबूत संदेश पूरे प्रदेश में दिया जाएगा। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने समाज के विकास और संगठन को मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयास करने का भी संकल्प लिया।

रिपोर्टर : बब्लू खान 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.