सिकनी कोलियरी खोलने की मांग तेज, 40 हजार लोगों का रोजगार प्रभावित : मुरली प्रसाद गुप्ता

लातेहार :  लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के प्रदेश सचिव मुरली प्रसाद गुप्ता ने झारखंड सरकार से लंबे समय से बंद पड़ी सिकनी कोलियरी को जल्द खोलने की मांग की है। उन्होंने कहा कि कोलियरी बंद रहने से सिकनी समेत आसपास के एक दर्जन से अधिक गांवों के करीब 40 हजार लोगों का रोजगार प्रभावित हो रहा है, जिससे क्षेत्र में आर्थिक संकट गहराता जा रहा है। मुरली प्रसाद गुप्ता ने बताया कि सिकनी कोलियरी कभी इस इलाके की आर्थिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र हुआ करती थी। यहां सैकड़ों मजदूरों को प्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलता था, जबकि अप्रत्यक्ष रूप से हजारों लोग इससे जुड़े हुए थे। कोलियरी बंद होने के बाद मजदूरों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि कोयला ढुलाई करने वाले ट्रक मालिक और चालक भी इस स्थिति से काफी परेशान हैं। पहले जहां रोजाना दर्जनों ट्रकों से कोयले की ढुलाई होती थी, वहीं अब काम बंद होने से ट्रक मालिकों और चालकों की आय का स्रोत खत्म हो गया है। इससे कई परिवारों की आर्थिक स्थिति कमजोर हो गई है। श्री गुप्ता ने यह भी कहा कि सिकनी कोलियरी के आसपास होटल, ढाबा, खोमचा, गैरेज और टायर पंचर की दुकान चलाने वाले छोटे व्यवसायियों का जीवन-यापन भी इसी पर निर्भर था। कोलियरी बंद होने के बाद इन लोगों की आय पर भी सीधा असर पड़ा है और कई दुकानदारों को अपना व्यवसाय बंद करने की नौबत आ गई है। उन्होंने राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में रोजगार के नए अवसर पैदा नहीं किए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले से मौजूद रोजगार के साधन भी धीरे-धीरे बंद होते जा रहे हैं। लोजपा नेता ने झारखंड सरकार से मांग की कि मजदूरों और स्थानीय लोगों के हित को ध्यान में रखते हुए सिकनी कोलियरी को जल्द से जल्द चालू करने की दिशा में ठोस पहल की जाए, ताकि क्षेत्र के हजारों लोगों को फिर से रोजगार मिल सके और इलाके की आर्थिक गतिविधियां पटरी पर लौट सकें।

रिपोर्टर : बब्लू खान 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.