जमीन हड़पने की कोशिश और फर्जी खबरों का आरोप,बोर्सिदाग निवासी जुनस मिंज ने डीसी से लगाई न्याय की गुहार

लातेहार - चंदवा थाना क्षेत्र के बोर्सिदाग गांव निवासी जुनस मिंज ने अपनी जमीन हड़पने की कोशिश और कुछ समाचार माध्यमों द्वारा भ्रामक खबरें प्रकाशित किए जाने का आरोप लगाते हुए उपायुक्त लातेहार को आवेदन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। उपायुक्त को दिए आवेदन में जुनस मिंज ने बताया कि वह स्वर्गीय  एवेंजर मिंज के पुत्र हैं और बोर्सिदाग गांव के निवासी हैं। उन्होंने कहा कि उनकी निजी रैयती जमीन खाता संख्या–5, प्लॉट नंबर 02, 326, 327 और 329 पर वह निर्माण कार्य करा रहे हैं। इसी बीच कुछ स्थानीय लोगों द्वारा फर्जी कागजात तैयार कर उनकी जमीन हड़पने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग सांसद, विधायक और जिला प्रशासन के पास आवेदन देकर मामले को विवादित बनाने का प्रयास कर रहे हैं। इसके साथ ही कुछ अखबार और न्यूज पोर्टल के माध्यम से उनके खिलाफ भ्रामक और तथ्यहीन खबरें प्रकाशित कराई जा रही हैं, जिससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंच रही है और वे मानसिक रूप से परेशान हैं। जुनस मिंज ने अपने आवेदन में स्पष्ट किया है कि उक्त जमीन पूरी तरह उनकी रैयती भूमि है और उन्होंने किसी भी आदिवासी से जमीन की खरीद-बिक्री नहीं की है। इसके बावजूद कुछ लोग लगातार झूठी और भ्रामक खबरें प्रकाशित कर रहे हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा भ्रामक खबरें फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने कहा कि वह मामले की किसी भी प्रकार की जांच के लिए पूरी तरह तैयार हैं और उन्हें प्रशासन से न्याय की उम्मीद है।

रिपोर्टर - बब्लू खान 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.