लातेहार की मस्जिदों में अकीदत के साथ अदा हुई अलविदा जुमा की नमाज, मौलाना ने जकात व सदका देने की अपील
लातेहार : रमजान माह के अंतिम शुक्रवार को जिले की विभिन्न मस्जिदों में मुस्लिम धर्मावलंबियों ने अलविदा जुमा की नमाज पूरे अकीदत और श्रद्धा के साथ अदा की। इस मौके पर शहर समेत आसपास के इलाकों की मस्जिदों में नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ी। नमाज के बाद लोगों ने मुल्क में अमन-चैन, भाईचारे और खुशहाली के लिए विशेष दुआएं मांगी।
शहर स्थित करकट कादरी मस्जिद में भी बड़ी संख्या में लोगों ने अलविदा जुमा की नमाज अदा की। नमाज के बाद करकट मस्जिद के मौलाना मुफ्ती मुदस्सिर आलम ने उपस्थित नमाजियों को संबोधित करते हुए रमजान के महत्व और इसकी इबादतों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि रमजान का महीना रहमत, बरकत और मगफिरत का महीना है, जिसमें हर मुसलमान को ज्यादा से ज्यादा नेक काम करने चाहिए और अल्लाह की इबादत में समय लगाना चाहिए।
मौलाना ने कहा कि इस पवित्र महीने में हर मुसलमान को अपनी कमाई में से जकात, सदका और खैरात निकालकर जरूरतमंदों व गरीबों के बीच बांटना चाहिए, ताकि समाज के कमजोर वर्ग भी खुशियों में शामिल हो सकें। उन्होंने बताया कि जकात इस्लाम के महत्वपूर्ण स्तंभों में से एक है और इससे समाज में आपसी भाईचारा, समानता और सहयोग की भावना मजबूत होती है।
अलविदा जुमा के मौके पर नमाजियों ने देश में शांति, भाईचारा और तरक्की के लिए भी दुआ मांगी। जिले की अन्य मस्जिदों में भी बड़ी संख्या में मुस्लिम धर्मावलंबियों ने नमाज अदा कर अल्लाह की इबादत की और समाज में अमन व सौहार्द बनाए रखने की अपील की।इधर ईद-उल-फितर की नमाज को लेकर भी तैयारियां शुरू हो गई हैं। जानकारी के अनुसार लातेहार जामा मस्जिद में ईद की नमाज सुबह 9:00 बजे, करकट कादरी मस्जिद में 8:40 बजे तथा अमवाटीकर मस्जिद में 8:30 बजे चंदवा प्रखंड में मदीन मस्जिद - 8:30फातमा मस्जिद : 9जामा मस्जिद : 9:30 अदा की जाएगी। इसके लिए मस्जिद कमेटियों द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
रिपोर्टर : बब्लू खान
No Previous Comments found.