लातेहार में धान खरीद की सुस्त रफ्तार से किसान परेशान, 6364 में से सिर्फ 1825 किसानों का ही धान खरीदा गया

लातेहार : लातेहार जिले में धान क्रय की धीमी रफ्तार को लेकर लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के प्रदेश सचिव मुरली प्रसाद गुप्ता ने गहरी चिंता जाहिर की है। उन्होंने कहा कि नया वित्तीय वर्ष शुरू होने में अब कुछ ही दिन शेष हैं, लेकिन जिले में अब तक मात्र 53 प्रतिशत धान की ही खरीद हो सकी है, जिससे किसानों में निराशा और हताशा का माहौल है।

श्री गुप्ता ने बताया कि जिले में कुल 6364 किसानों ने सरकारी दर पर धान बेचने के लिए अपना पंजीकरण कराया था, लेकिन अब तक सिर्फ 1825 किसानों का ही धान खरीदा गया है। बड़ी संख्या में किसान अभी भी अपने धान को लैंपसों में बेचने की उम्मीद में संभाल कर रखे हुए हैं, लेकिन खरीद प्रक्रिया की धीमी गति से उनका धैर्य अब जवाब देने लगा है।

उन्होंने धान क्रय प्रक्रिया में अनियमितता का आरोप लगाते हुए कहा कि बीच के बिचौलिए किसानों का हक मार रहे हैं। ऐसे लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की आवश्यकता है, ताकि किसानों को उनका उचित मूल्य मिल सके।

श्री गुप्ता ने इस मामले में उपायुक्त, लातेहार से हस्तक्षेप करने और किसानों के हित में त्वरित कदम उठाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि किसान कर्ज लेकर खेती करते हैं, इसलिए समय पर धान खरीद होना बेहद जरूरी है।

रिपोर्टर : बब्लू खान 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.