16 महीने से बंद सिकनी कोलियरी खोलने की मांग तेज, नहीं खुली तो आंदोलन की चेतावनी
लातेहार : झारखंड विकास समिति के लातेहार जिला संयोजक रवि कुमार डे ने कहा है कि झारखंड राज्य खनिज निगम के अधिकारियों की लापरवाही के कारण सिकनी कोलियरी पिछले 16 महीनों से बंद पड़ी है। कोलियरी बंद रहने से हजारों मजदूरों, ट्रक चालकों और स्थानीय लोगों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
शुक्रवार को चंदवा में आयोजित एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए रवि कुमार डे ने कहा कि कोलियरी को दोबारा शुरू कराने को लेकर सरकार और निगम के अधिकारी कोई ठोस पहल नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसका खामियाजा यहां के आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि सिकनी कोलियरी बंद होने से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से हजारों लोग प्रभावित हुए हैं। कोलियरी से जुड़े मजदूर और ट्रक चालक बेरोजगार हो गए हैं, जिससे उनके परिवारों के सामने आर्थिक संकट गहरा गया है। कई ट्रक मालिकों के वाहन महीनों से घरों के बाहर खड़े हैं और उनका संचालन ठप पड़ा है।
रवि कुमार डे ने कहा कि जब भी निगम के अधिकारियों से कोलियरी खोलने के संबंध में पूछा जाता है, तो वे संतोषजनक जवाब देने के बजाय केवल आज खुलेगा, कल खुलेगा कहकर लोगों को टालते रहते हैं।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सिकनी कोलियरी को शीघ्र नहीं खोला गया तो प्रभावित लोगों के साथ मिलकर जोरदार आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर दीपक कुमार, सोनू मेहता, सत्यजीत कुमार और रामवृक्ष समेत कई लोग मौजूद थे।
रिपोर्टर : बब्लू खान

No Previous Comments found.