किसान के घर से एक वर्ष का हिरण का बच्चा बरामद, सुरक्षित जंगल में छोड़ा गया
लातेहार - बालूमाथ वन क्षेत्र के हेरहंज प्रखंड अंतर्गत बंदुआ गांव में वन विभाग की टीम ने छापेमारी कर एक वर्ष के नवजात हिरण के बच्चे को बरामद किया। वन विभाग की टीम हिरण के बच्चे को अपने साथ लेकर सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ने के लिए गारू ले गई।मामले की जानकारी देते हुए बालूमाथ वन क्षेत्र पदाधिकारी नंद कुमार मेहता ने बताया कि बंदुआ गांव निवासी किसान प्रफुल्ल यादव के घर से हिरण के बच्चे की बरामदगी हुई है। हालांकि किसान द्वारा हिरण के बच्चे को किसी प्रकार की क्षति नहीं पहुंचाई गई थी, इसलिए फिलहाल उसके खिलाफ कोई प्राथमिक मामला दर्ज नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है कि हिरण का बच्चा किन परिस्थितियों में उसके घर तक पहुंचा। वहीं किसान प्रफुल्ल यादव ने बताया कि लगभग दो माह पूर्व उसे जंगल में हिरण का बच्चा मिला था। वह उसे अपने घर ले आया और बकरी के साथ रखकर उसकी देखभाल करने लगा। बाद में उसने हिरण के बच्चे को जंगल में छोड़ भी दिया था, लेकिन कुछ समय बाद वह फिर से वापस उसके घर आ गया। वन विभाग की टीम हिरण के बच्चे को गारू के सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ने की तैयारी कर रही है ताकि वह प्राकृतिक वातावरण में रह सके। छापेमारी टीम में प्रभारी वनपाल आनंद चौधरी, वनरक्षी रवि कुमार दास, कैलाश साहू और संतोष कुमार शामिल थे।
रिपोर्टर - मो० अरबाज
No Previous Comments found.