लातेहार नगर पंचायत अध्यक्ष महेश सिंह का अधिवक्ता संघ में भव्य स्वागत, कहा– समाज के पथ प्रदर्शक हैं अधिवक्ता

लातेहार : नगर पंचायत अध्यक्ष महेश सिंह ने कहा कि अधिवक्ता समाज के पथ प्रदर्शक और मार्गदर्शक होते हैं। उनके अनुभव और सुझाव से समाज और क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलती है। नगर पंचायत क्षेत्र के विकास कार्यों में अधिवक्ताओं का मार्गदर्शन बेहद आवश्यक है, जिससे योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन संभव हो सके।

सोमवार को नगर पंचायत कार्यालय में पदभार ग्रहण करने के बाद नगर पंचायत अध्यक्ष महेश सिंह और उपाध्यक्ष संतोष रंजन जिला अधिवक्ता संघ पहुंचे। इस दौरान अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों और सदस्यों ने दोनों का गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम में अधिवक्ताओं ने फूल-मालाओं से अभिनंदन कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता राजमणि प्रसाद और अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष लाल अरविंद नाथ शाहदेव ने नगर पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का स्वागत करते हुए कहा कि नगर के विकास में जनप्रतिनिधियों और बुद्धिजीवी वर्ग की सहभागिता जरूरी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नगर पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के नेतृत्व में लातेहार शहर में विकास की गति तेज होगी और जनता को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

वरिष्ठ अधिवक्ता राजमणि प्रसाद ने कहा कि नगर के विकास में पारदर्शिता और कानून के दायरे में रहकर कार्य करना सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने नगर पंचायत के कार्यों में अधिवक्ता समाज की ओर से हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष महेश सिंह ने कहा कि वे जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे और नगर पंचायत क्षेत्र में विकास को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता समाज हमेशा से न्याय और समाज के हितों की रक्षा करता आया है। ऐसे में उनके सुझाव और सहयोग से नगर पंचायत के कार्यों को और बेहतर ढंग से आगे बढ़ाया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष लाल अरविंद नाथ शाहदेव ने नगर पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को शॉल ओढ़ाकर तथा माल्यार्पण कर सम्मानित किया। वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष महेश सिंह ने भी अधिवक्ता संघ के सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के सभी वर्गों के सहयोग से ही क्षेत्र का समग्र विकास संभव है। इस मौके पर अधिवक्ता संघ के कई सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ और सभी ने नगर पंचायत के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

रिपोर्टर : बब्लू खान 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.