बालूमाथ में ईद को लेकर बाजारों में दिखी रौनक, खरीदारी में जुटे लोग
बालूमाथ : मुस्लिमों के पवित्र त्योहार ईद-उल-फित्र के मौके पर बालूमाथ के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। बाजारों में सुबह से लेकर देर शाम तक लोगों की भीड़ उमड़ रही है। कपड़े, जूते-चप्पल, टोपी, इत्र और सेवइयों की दुकानों पर खासा उत्साह देखा जा रहा है। दुकानदारों के अनुसार इस बार ईद को लेकर ग्राहकों में खास उत्साह है। लोग अपने परिवार के लिए नए कपड़े, बच्चों के लिए खास परिधान और घरों के लिए मिठाइयों की जमकर खरीदारी कर रहे हैं। खासकर शाम के समय बाजार में सबसे ज्यादा भीड़ देखने को मिल रही है। जिससे पूरे इलाके में त्योहार का माहौल बन गया है। बाजार में सजी रंग-बिरंगी दुकानों और लाइटिंग ने माहौल को और भी आकर्षक बना दिया है। बच्चों में ईद को लेकर खासा उत्साह है और वे अपने पसंदीदा कपड़े व सामान खरीदते नजर आ रहे हैं। स्थानीय प्रशासन भी बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्क है। पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है, ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और वे शांति एवं सौहार्द के साथ त्योहार मना सकें। ईद के इस खास मौके पर बालूमाथ का बाजार पूरी तरह से उत्सव के रंग में रंगा नजर आ रहा है, जहां हर चेहरे पर खुशी और उत्साह साफ झलक रहा हैं।
रिपोर्टर : मो० अरबाज

No Previous Comments found.