दहेज के लिए विवाहिता की हत्या,ससुर हिरासत में

बालूमाथ :  दहेज प्रथा के खिलाफ कानून सख्त होने के बावजूद आज भी बेटियों पर अत्याचार और हत्या की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला बालूमाथ प्रखंड क्षेत्र के नगड़ा गांव का है, जहां दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर एक विवाहिता की कथित तौर पर हत्या कर दी गई। मृतका के पिता मुंशी साव, ग्राम बधार जिला चतरा निवासी ने बालूमाथ थाना में आवेदन देकर बताया कि उनकी पुत्री उषा कुमारी की शादी करीब दो वर्ष पूर्व नगड़ा निवासी तिलक साव के पुत्र अमन कुमार के साथ हुई थी। शादी के समय उन्होंने करीब पांच लाख रुपये नगद, एक मोटरसाइकिल और दो भर सोना समेत अन्य सामान दहेज में दिया था। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष द्वारा अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उषा को प्रताड़ित किया जाने लगा। पति अमन कुमार नशे की हालत में अक्सर मारपीट करता था, वहीं परिवार के अन्य सदस्य भी मानसिक और शारीरिक रूप से उत्पीड़न करते थे। रविवार शाम पति समेत ससुराल के पांच लोगों ने मिलकर गला दबाकर उषा की हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही बालूमाथ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लातेहार भेज दिया। इस मामले में पुलिस ने मृतका के ससुर तिलक साव को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्टर : मो० अरबाज 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.