रामनवमी पर्व की तैयारियों को लेकर बालूमाथ में समीक्षा बैठक आयोजित
लातेहार : रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता एवं पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव के संयुक्त अध्यक्षता में बालूमाथ प्रखंड सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस दौरान रामनवमी पर्व के अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण, सुरक्षा व्यवस्था, जुलूस मार्ग, संवेदनशील स्थलों की पहचान एवं आवश्यक प्रशासनिक तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में समुचित तैयारी सुनिश्चित करें तथा जुलूस मार्ग का पूर्व निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखें। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारियों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश देते हुए कहा कि संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाह या असामाजिक गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि जुलूस के दौरान निर्धारित दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन कराया जाए तथा आयोजकों के साथ समन्वय स्थापित कर पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाए। जिला प्रशासन द्वारा आमजनों से अपील की गई है कि वे अफवाहों से दूर रहें एवं प्रशासन का सहयोग करें, ताकि रामनवमी का पर्व शांतिपूर्ण एवं भाईचारे के माहौल में मनाया जा सके। बैठक में अपर समाहर्ता रामा रविदास, अनुमंडल पदाधिकारी लातेहार अजय कुमार रजक,जिला परिवहन पदाधिकारी उमेश कुमार मण्डल, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बालूमाथ विनोद रवानी,जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चंदन,प्रखंड विकास पदाधिकारी,बालूमाथ, अंचल अधिकारी , बालूमाथ, अंचल अधिकारी बरियातू, प्रखंड विकास पदाधिकारी, चंदवा, अंचल अधिकारी चंदवा, थाना प्रभारी, सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
रिपोर्टर : मो० अरबाज
No Previous Comments found.