रामनवमी पर्व को लेकर बरवाडीह में फ्लैग मार्च, शांति बनाए रखने की पुलिस प्रसान अपील ।
लातेहार : रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता और पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव के निर्देश पर बरवाडीह प्रखंड क्षेत्र में पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर फ्लैग मार्च निकाला गया। यह मार्च कुटमू, सरईडीह, पोखरी कला, अखरा, पोखरी खुर्द और बेतला समेत कई संवेदनशील इलाकों में किया गया।
फ्लैग मार्च में बरवाडीह अंचलाधिकारी लवकेश सिंह, एसडीपीओ भरत राम, थाना प्रभारी अनुराग कुमार, सब-इंस्पेक्टर सुनील मंडल और सब-इंस्पेक्टर राजन अधिकारी सहित सैकड़ों पुलिस बल के जवान शामिल रहे। मार्च के दौरान पुलिस टीम ने इलाके में लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया और शांति व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया।
इस दौरान एसडीपीओ भरत राम और थाना प्रभारी अनुराग कुमार ने सरईडीह, पोखरी, कुटमू और बेतला क्षेत्रों का दौरा कर स्थानीय लोगों से मुलाकात की। उन्होंने आम जनता से रामनवमी पर्व को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह की अफवाह या असामाजिक गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने जुलूस मार्गों की भी समीक्षा की और सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि रास्तों में पड़े बालू, पत्थर या अन्य अवरोधों को जल्द से जल्द हटाया जाए, ताकि जुलूस में किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए ड्रोन कैमरों का सहारा लिया जा रहा है। ड्रोन के माध्यम से संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी की जा रही है और जुलूस के दौरान भी विशेष रूप से ड्रोन कैमरों से नजर रखी जाएगी।
प्रशासन का कहना है कि रामनवमी के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।
रिपोर्टर : बब्लू खान
No Previous Comments found.