रामनवमी को लेकर लातेहार में फ्लैग मार्च, प्रशासन ने दिखाया शक्ति प्रदर्शन
लातेहार : आगामी रामनवमी पर्व को लेकर लातेहार जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को शहर में फ्लैग मार्च निकालकर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और आम लोगों को शांति एवं सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया। फ्लैग मार्च का नेतृत्व एसडीपीओ अरविंद कुमार, अंचलाधिकारी नंदकुमार राम, बीडीओ मनोज कुमार तिवारी तथा सदर थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिन्हा ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान शामिल रहे, जिससे शहर में सुरक्षा का माहौल मजबूत दिखा। फ्लैग मार्च शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा, जहां अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे रामनवमी पर्व को आपसी भाईचारे और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाएं। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अफवाह या असामाजिक गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी और हर संवेदनशील स्थान पर विशेष नजर रखी जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके
रिपोर्टर : बब्लू खान

No Previous Comments found.