ट्रक की चपेट में आने से महिला की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
लावालौंग : थाना क्षेत्र स्थित पोटम गांव के टोला काशीमहुवा की एक महिला की गुरुवार को सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। घटना सिमरिया थाना क्षेत्र के बगरा चौक के समीप हुई, जहां तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतका की पहचान लावालौंग थाना स्थित काशीमहुवा गांव निवासी जितन साव की पत्नी आशवा देवी के रूप में की गई है। परिजनों के अनुसार आशवा देवी अपनी पुत्री के घर से लौट के क्रम में बगरा चौक पहुंची थीं। इसी दौरान एक अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतका अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। उनके कुल छह बच्चे हैं, जिनमें तीन पुत्र और तीन पुत्रियां शामिल हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की खबर मिलते ही ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने बगरा चौक पर सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। ग्रामीण मृतका के परिजनों को उचित मुआवजा और दोषी चालक की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना मिलते ही सिमरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। पुलिस ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। समाचार लिखे जाने तक सड़क पर जाम लगा हुआ था।
रिपोर्टर : मो0 साजिद

No Previous Comments found.