उत्क्रमित मध्य विद्यालय, मुरगांव में पेयजल संकट पर जिप उपाध्यक्ष अनीता देवी ने लिया त्वरित संज्ञान

बालूमाथ :  प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय, मुरगांव में व्याप्त गंभीर पेयजल संकट को लेकर विद्यालय के प्रधानाध्यापक द्वारा जिप उपाध्यक्ष अनीता देवी को लिखित आवेदन देकर समस्या के समाधान की मांग की गई।आवेदन में बताया गया कि विद्यालय में लगभग 286 छात्र-छात्राएँ अध्ययनरत हैं, किन्तु विद्यालय परिसर में पेयजल की कोई स्थायी व्यवस्था नहीं है। प्रधानाध्यापक द्वारा दिए गए पत्र के अनुसार विद्यालय में पूर्व में चापाकल एवं मोटर के माध्यम से जलापूर्ति होती थी, लेकिन वर्तमान में मोटर जल जाने एवं बोरिंग में तकनीकी खराबी के कारण जलापूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई है। परिणामस्वरूप विद्यार्थियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है और उन्हें पीने के पानी के लिए विद्यालय से दूर जाना पड़ता है।पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि कुछ समय तक विद्यालय से लगभग 300 मीटर दूर स्थित एक निजी कुएँ से पानी लाकर काम चलाया जा रहा था,परंतु वह व्यवस्था भी अब संभव नहीं रह गई है।इसके अतिरिक्त विद्यालय के शौचालयों में भी पानी की कमी के कारण स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित हो रही है, जिससे छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। विद्यालय प्रशासन ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिप उपाध्यक्ष से शीघ्र हस्तक्षेप कर स्थायी जलापूर्ति व्यवस्था सुनिश्चित कराने का अनुरोध किया है। विद्यालय की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिप उपाध्यक्ष अनीता देवी ने त्वरित संज्ञान लिया और संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इस दिशा में शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। अनीता देवी ने यह भी कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं की कमी को दूर करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है और मुरगांव विद्यालय की पेयजल समस्या का स्थायी समाधान जल्द कराया जाएगा।

रिपोर्टर : मो० अरबाज 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.