बरवाडीह बालिका विद्यालय भवन निर्माण में भारी अनियमितता, जनप्रतिनिधियों ने उठाए सवाल

लातेहार : बरवाडीह प्रखंड स्थित परियोजना बालिका उच्च विद्यालय के अतिरिक्त भवन (टू एसीआर) के निर्माण कार्य में भारी अनियमितता का मामला सामने आया है। सांसद प्रतिनिधि दीपक तिवारी और प्रखंड उप प्रमुख बीरेंद्र जयसवाल ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

जनप्रतिनिधियों ने आरोप लगाया है कि निर्माण कार्य में तय मानकों और प्राक्कलन की अनदेखी करते हुए घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पूर्व संवेदक और संबंधित अभियंता द्वारा कार्य में सुधार का आश्वासन दिया गया था, लेकिन सोमवार को डोर लेवल की ढलाई और जोड़ाई कार्य में फिर से गंभीर गड़बड़ियां सामने आईं।

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि ढलाई में उपयोग किया जा रहा मसाला मानकों के अनुरूप नहीं है। आरोप है कि छज्जे और कॉपर बीम की ढलाई दो तगाड़ी सीमेंट, छह तगाड़ी बालू और चार तगाड़ी छरी के अनुपात में की जा रही है, जो निर्माण गुणवत्ता के लिहाज से बेहद कमजोर है।

सबसे गंभीर बात यह सामने आई कि कॉपर बीम की ढलाई बिना सरिया के ही मात्र दो से तीन इंच मोटाई में कर दी गई है। विशेषज्ञों के अनुसार, इस प्रकार का निर्माण भवन की मजबूती को गंभीर रूप से प्रभावित कर सकता है और भविष्य में दुर्घटना का कारण बन सकता है। मौके पर मौजूद उप प्रमुख बीरेंद्र जयसवाल ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस तरह का घटिया निर्माण छात्राओं की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ है और इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभाग और संवेदक के बीच मिलीभगत का आरोप लगाते हुए सरकारी राशि के दुरुपयोग की आशंका जताई। जनप्रतिनिधियों ने जिले के उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता से पूरे मामले की तकनीकी जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

रिपोर्टर : बब्लू खान

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.