विकास योजनाओं में बिचौलियों पर सख्ती, बीडीओ सोमा उरांव के कड़े निर्देश
बालूमाथ : बालूमाथ प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में संचालित विकास योजनाओं को लेकर बीडीओ सोमा उरांव ने सख्त रुख अपनाते हुए बिचौलियों की भूमिका पर पूर्ण रोक लगाने का निर्देश जारी किया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मनरेगा, अबुआ आवास समेत सभी सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लाभुकों तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए। बीडीओ ने पंचायत सचिवों को निर्देशित किया कि वे जमीनी स्तर पर योजनाओं का नियमित निरीक्षण करें और कार्यों की पारदर्शिता बनाए रखें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि योजना से संबंधित दस्तावेज और मस्टर रोल केवल अधिकृत कर्मी ही कार्यालय में जमा करेंगे, किसी भी बिचौलिये की इसमें कोई भूमिका नहीं होगी।
डोभा निर्माण के नाम पर 20-20 हजार रुपये की अवैध वसूली से संबंधित खबरों को बीडीओ ने साजिश और तथ्यहीन करार दिया। उन्होंने कहा कि अभी पंचायतों में डोभा निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है और कुछ बिचौलियों लोग निजी स्वार्थ के लिए जनता को गुमराह कर रहे हैं। बीडीओ सोमा उरांव ने अपने अधीनस्थ अधिकारियों एवं बीपीओ को निर्देश दिया कि योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और कार्य की संतोषजनक प्रगति के बाद ही भुगतान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की अनियमितता या धांधली की शिकायत मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह कदम भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने और सरकारी योजनाओं का लाभ सही पात्रों तक पहुंचाने के उद्देश्य से उठाया गया है।
रिपोर्टर : मो० अरबाज


No Previous Comments found.