आंधी-बारिश से जल मीनार ठप, बरवाडीह के पोखरी कला में पेयजल संकट गहराया

 बरवाडीह (लातेहार) :रविवार को हुई तेज आंधी और भारी बारिश ने बरवाडीह प्रखंड के पोखरी कला पंचायत में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। प्राकृतिक आपदा के कारण क्षेत्र की मुख्य जल मीनार (पानी की टंकी) खराब हो गई, जिससे पूरे इलाके में पेयजल आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है।जल मीनार में आई तकनीकी खराबी और आसपास हुए जलजमाव के कारण पाइपलाइन से पानी की सप्लाई बंद हो गई है। पंचायत के अधिकांश घरों में नल सूख गए हैं, जिससे ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए सुबह-शाम भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। महिलाएं और बच्चे दूर-दराज के स्रोतों से पानी लाने को मजबूर हैं।स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या की जानकारी पंचायत प्रतिनिधियों और संबंधित विभाग के कर्मचारियों को दे दी गई है, लेकिन अब तक मरम्मत कार्य शुरू नहीं हो सका है। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि भीषण गर्मी के बीच पानी की कमी ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द तकनीकी टीम भेजकर जल मीनार की मरम्मत कराई जाए, ताकि पेयजल आपूर्ति बहाल हो सके और लोगों को राहत मिल सके।यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो ग्रामीणों ने आंदोलन की चेतावनी भी दी है।

रिपोर्टर : बब्लू खान

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.