पोषण पखवाड़ा को लेकर सेविकाओं की बैठक आयोजित

बालूमाथ :  बालूमाथ प्रखंड मुख्यालय स्थित प्रखंड सह अंचल कार्यालय के सभागार में शुक्रवार को पोषण पखवाड़ा कार्यक्रम सफल बनाने को लेकर सीडीपीओ के निर्देशानुसार ममता मासूम की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। मौके पर जानकारी देते हुए ममता मासूम ने बताया की 9 अप्रैल से आगामी 23 अप्रैल तक पोषण पखवाड़ा कार्यक्रम विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में चलाया जाएगा। इस दौरान पोषण पखवाड़ा के महत्व, उद्देश्य एवं इसके तहत संचालित होने वाले विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी गई। सेविकाओं को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने केंद्रों पर जागरूकता अभियान चलाते हुए गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं एवं बच्चों के बेहतर पोषण पर विशेष ध्यान दें।कार्यक्रम के माध्यम से कुपोषण को दूर करने, संतुलित आहार के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। बैठक में सभी सेविकाओं को निर्धारित अवधि में कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में बालूमाथ, हेरहंज एवं बारियातू प्रखंड के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों की सेविकाएं शामिल हुईं।

रिपोर्टर : मो० अरबाज

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.