लातेहार में रविदास महासभा की भव्य शोभा यात्रा, बाबा साहेब की जयंती पर उमड़ा जनसैलाब
लातेहार : रविदास महासभा, जिला लातेहार के तत्वावधान में प्रखंड अध्यक्ष बिरजू राम की अध्यक्षता में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर अंबेडकर चौक, अम्वाटीकर से भव्य शोभा यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं और ग्रामीणों ने भाग लिया। शोभा यात्रा का उद्घाटन नगर पंचायत अध्यक्ष महेश सिंह एवं उपाध्यक्ष राजीव रंजन ने संयुक्त रूप से किया।
शोभा यात्रा अंबेडकर चौक से प्रारंभ होकर नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरती हुई स्वामी विवेकानंद पार्क में बाबा साहब के प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम स्थल तक पहुंची। यात्रा के दौरान “शिक्षित बनो, संगठित हो, संघर्ष करो” जैसे प्रेरणादायक नारों से वातावरण गूंज उठा। उपस्थित लोगों ने बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का संदेश दिया। ग्रामीण क्षेत्रों से आए प्रतिभागियों ने पारंपरिक उत्साह के साथ यात्रा में भाग लेकर कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम के अध्यक्ष पिंटू राम ने कहा कि बाबा साहेब का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने शिक्षा, संगठन और संघर्ष के माध्यम से समाज में समानता और अधिकारों की स्थापना की। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही समाज में वास्तविक परिवर्तन संभव है। वक्ताओं ने कहा कि अंबेडकर जी के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं और युवाओं को उनसे प्रेरणा लेकर आगे बढ़ना चाहिए।
इस अवसर पर प्रवीण कुमार, अजय राम, नरेंद्र राम, उदित राम, राजू राम, धर्मेंद्र राम, कौशल कुमार, मिथिलेश कुमार, वीरेंद्र राम, रविशंकर राम, शंभू राम, गिरधारी राम, संतोष राम, परदेसी राम, दिलेश्वर राम, गणेश राम, कन्हाई राम, लालजी राम, संदीप कुमार, संतोष कुमार राम, सोनू कुमार सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे। ग्राम डीही, पकरार, टेमकी, करमाही, होटवाग, परसही सहित लातेहार प्रखंड के सभी 18 पंचायतों से ग्रामीणों की भागीदारी रही।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने बाबा साहेब के आदर्शों को अपनाने और समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। आयोजकों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम सामाजिक एकता और जागरूकता को मजबूत करते हैं।
रिपोर्टर : बब्लू खान

No Previous Comments found.